
- पीएम ने कहा- देश के दुश्मन डर रहे हैं, तो यह डर अच्छा है
- देश के भीतर और बाहर, दोनों जगह देशविरोधी लोगों में डैर पैदा कर रहा है भारत
New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अब कोई भारत को आंख नहीं दिखा सकता. पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक करने और फिर पाक की हिमाकत का जवाब देने का जिक्र करते हुए उन्होंने यह बात कही. उन्होंने कहा कि अगर दुश्मनों को हमारे सैनिकों के पराक्रम से डर लगता है, तो यह डर अच्छा है. आज भारत बदल गया है. एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में मोदी ने कहा, ‘अब कोई भारत को आंख दिखाने की हिमाकत नहीं कर सकता. भारत आज एक नयी नीति और रीति पर चल रहा है. आज का भारत निर्भीक है, निडर है. देश के भीतर और बाहर, दोनों जगह देशविरोधी लोगों में डर पैदा कर रहा है. आज के वातावरण में यह डर अच्छा है. जब दुश्मन में पराक्रम का डर हो, तो यह अच्छा है. जब आतंकियों में सैनिकों का डर हो, तो यह डर अच्छा है.’
मामा के बोलने से लगे डर, तो यह डर अच्छा है
वीवीआईपी चॉपर डील में दलाली के आरोप में प्रत्यर्पित किये गये बिचौलिये क्रिश्चन मिशेल का नाम लेकर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी तीखा तंज कसा. उन्होंने कहा, “मामा के बोलने से जब बड़े-बड़े परिवार बौखला जायें, तो यह डर भी अच्छा है. भ्रष्ट नेताओं को जेल जाने का डर सताये, तो यह डर अच्छा है.’
मोदी का विरोध करते-करते देश के खिलाफ हो गये
मोदी ने कहा कि आतंक के खिलाफ पूरी दुनिया साथ दे रही है, लेकिन कुछ पार्टियां हम पर ही संदेह कर रही हैं. ये वही लोग हैं, जिनके बयानों को पाकिस्तान के टीवी चैनलों और रेडियो पर भारत के खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है. ये लोग मोदी का विरोध करते-करते देश विरोध पर उतर आये हैं. मैं इस मंच से ऐसे लोगों से पूछना चाहता हूं कि आपको हमारी सेना के सामर्थ्य पर विश्वास है या संदेह है.
राफेल की कमी महसूस हो रही है
मोदी ने कहा कि मोदी आयेंगे-जायेंगे, लेकिन देश अजर-अमर रहेगा. पाकिस्तान के वायु हमले को लेकर उन्होंने कहा कि आज राफेल की कमी महसूस हो रही है. यदि आज राफेल होता, तो नतीजा इससे भी कुछ अलग होता. पहले राफेल पर स्वार्थ नीति और अब राजनीति के चलते देश का बहुत नुकसान हो रहा है.
लोग कहते थे मोदी को विदेश नीति पता नहीं
मोदी ने कहा, “2014 के चुनाव के बाद जब मैं दिल्ली आया, तो मुझे बहुत सी बातों का अनुभव नहीं था. केंद्र सरकार कैसे चलती है, क्या सिस्टम है और क्या व्यवस्था है, यह पता नहीं था. लेकिन, यह मेरे लिए वरदान साबित हुआ. यदि मैं पुराना हिस्सा होता, तो चुनाव के बाद एक खांचे की तरह जाकर फिट हो जाता. मुझे याद है कि 2014 से पहले न्यूज स्टूडियो में चर्चा होती थी कि मोदी को क्या मालूम है कि दुनिया में क्या चल रहा है. ये सवाल थे और ये स्वाभाविक थे. मैं यह नहीं मानता कि गलत थे. एक राज्य से आये व्यक्ति के लिए स्वाभाविक थे. मेरा पारिवारिक बैकग्राउंड भी ऐसा नहीं था कि माना जाये कि ऐसे परिवार से आये हैं कि कर लेंगे. लेकिन, बीते दिनों के घटनाक्रम में आपको दिखाई दे गया होगा कि भारत की विदेश नीति का प्रभाव आज क्या है.’
इसे भी पढ़ें- पाकिस्तानी सेना ने विंग कमांडर अभिनंदन का किया था मानसिक उत्पीड़न
इसे भी पढ़ें- जानिये विंग कमांडर अभिनंदन के साथ खड़ी महिला कौन हैं?




