
Giridih : कोरोना का संक्रमण एक बार फिर दूसरे राज्यों में बढ़ना शुरू हो गया है, लेकिन गिरिडीह के लिए फिलहाल राहत की बात है कि हर रोज एक हजार से अधिक ट्रूनेट और आरटीपीसीआर जांच के बाद भी जिले में कोरोना का एक भी सक्रिय मामला नहीं है.
स्वास्थ विभाग हर गतिविधियों पर नजर रखे हुए है. यही नहीं विभाग द्वारा सर्विलांस किया जा रहा है, क्योंकि होली का त्योहार करीब है. ऐसे में प्रवासी मजदूर गिरिडीह वापस लौटते हैं तो संक्रमण का खतरा फिर बढ़ सकता है.
सिविल सर्जन डॉ सिद्धार्थ सान्याल हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं. इधर कोरोना का टीकाकरण अभियान लगातार जारी है. पिछले तीन महीने में 25 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगायी जा चुकी है. इनमें स्वास्थ कर्मियों के साथ प्रशासनिक, पुलिस और वृद्ध नागरिकों की संख्या भी शामिल है.
इसे भी पढ़ें: ‘सहनशक्ति जांच’ के नाम पर नर्सिंग छात्राओं से छेड़खानी, स्वास्थ्य मंत्री ने दिया जांच का दिया आदेश
शनिवार को सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि अब आयुष्मान भारत योजना से जुड़े नर्सिंग होमों में भी टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया है. ऐसे नर्सिंग होम में टीकाकरण के लिए 250 रुपये का भुगतान करना होगा.
उन्होंने बताया कि वैक्सीन अब गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को भी प्राथमिकता के आधार पर लगायी जा रही है. जिन मरीजों का इलाज एम्स या किसी दूसरे राज्य के बड़े हॉस्पीटलों में चल रहा है, तो उन्हें भी टीका दिया जायेगा.
इसके लिए वैसे मरीजों को सिर्फ इलाज का दस्तावेज दिखाना है. बताया कि टास्क फोर्स की बैठक में 37 साईटों पर टीकाकरण शुरू करने की स्वीकृति मिली. तो सीसीएल के अधीन बनियाडीह के लंकस्टर हॉस्पिटल में भी टीकाकरण शुरू कर दिया गया है.




