
Ranchi : राजधानी के कचहरी चौक से सर्जना चौक को नो वेंडिग जोन बनाने के बाद अब रांची नगर निगम मेन रोड को भी ऐसा करने की तैयारी में है. इसके लिए डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय और उनकी टीम ने सोमवार को सर्जना चौक से उर्दू लाइब्रेरी तक के मार्ग का निरीक्षण किया.
निगम अब इस मार्ग को नो वेंडिंग जोन बनाने की तैयारी में है. टीम के अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिया कि लोगों की परेशानी देख निगम कोई समझौता नहीं करेगा. इस क्षेत्र तक जितने भी रजिस्टर्ड वेंडर नहीं है, उन्हें किसी भी हाल में दुकान लगाकर रोड को अतिक्रमित नहीं करने दिया जायेगा. इंर्फोसमेंट टीम को निर्देश दिया कि ऐसे दुकानदारों को चिन्हित कर तत्काल हटाने की पहल करें.
इस दौरान डिप्टी मेयर ने चार प्रमुख गलियों की स्थिति का भी जायजा लिया. ऐसी गलियों को निगम अब पार्किंग स्थल बनाने की दिशा में प्रयासरत है. निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर, स्वास्थ्य पदाधिकारी किरण कुमारी सहित सुपरवाइजर की टीम मौजूद थी.
इसे भी पढ़ें : गोविंन्दपुर साहिबगंज रोड पर बोलेरो और बाइक में टक्कर, दो की मौत , सड़क जाम
अतिक्रमण देख नाराज हुए डिप्टी मेयर, कहा- ‘वाइट पट्टी के अंदर लगायें दुकान’
मेन रोड की स्थिति को देख डिप्टी मेयर काफी नाराज दिखे. उन्होंने कहा कि डेली मार्केट के समीप दुकानदारों ने जिस तरह से अपना सामना दुकानों के बाहर रखा है, उससे यहां जाम की स्थिति आम हो गयी है. इससे यहां से गुजरने वाले लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. निगम कभी नहीं चाहेगा कि लोगों को अतिक्रमण के कारण समस्या हो.
स्थानीय दुकानदारों को निर्देश दिया कि सड़क पर बनी वाइट पट्टी लाइन के अंदर ही वे दुकान लगायें. ऐसा नहीं करने पर इंर्फोसमेंट टीम सामानों को जब्त करने में पीछे नहीं हटेगी. वहीं उर्दू लाइब्रेरी के थोड़ा पीछे ठेले लगाने वालों द्वारा काफी जमीन अतिक्रमित किये जाने पर भी संजीव विजयवर्गीय नाराज दिखे.
टीम को कहा कि वहां एक वाइट लाइन पट्टी को खींच कर उसके अंदर दुकानदार दुकान लगायें, इसकी भी व्यवस्था भी निगम जल्द से जल्द करे.
निर्देश दिया है कि मेन रोड पर जहां भी अतिक्रमण हो रहा 2 दिन के अंदर अतिक्रमण मुक्त कराया जाये. उसके बाद भी जो अतिक्रमण करते हैं, तो उनके सामान को जब्त करने का काम टीम करे.
इसे भी पढ़ें : लातेहार : SDO को LRDC का प्रभार क्या मिला, रुपये लेकर मुकदमे सलटाने में जुट गये!
खाली पड़ी गलियों को पार्किंग स्थल बनाने का निर्देश
महात्मा गांधी मार्ग में पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था बनाये जाने के लिए डिप्टी मेयर ने यहां स्थित चार गलियों का भी निरीक्षण किया. ऐसी गलियों को अवैध तरीके से लोगों द्वारा उपयोग कर या तो कचरे का अंबार बना दिया गया है या कुछ लोगों द्वारा इस गलियों का अवैध रूप से गेट लगाकर उपयोग किया जा रहा है. ऐसी गलियों में एसएन गांगुली रोड, विष्णु गली, लालजी हीरजी रोड स्थित गलियां शामिल है.
डिप्टी मेयर ने कहा कि इन गलियों में वर्षों से गंदगी फैलायी जा रही है, साथ ही वहां अनाधिकृत रूप से लोग द्वारा सेप्टिक टैंक बनाकर व्यवस्थित नगरीय सुविधा को बाधित कर रहे हैं.
उन्होंने टीम के सदस्यों को उन सभी गलियों को गंदगी से साफ करने का आदेश दिया. कहा कि निगम तत्काल ही संबंधित व्यक्ति को अनाधिकृत सेप्टिक टैंक को हटाने का आदेश दे, ताकि महात्मा गांधी मार्ग को नो वेंडिंग जोन बनाने के पहले यहां पार्किंग की उचित व्यवस्था की जा सके.
इसे भी पढ़ें : धनबाद: महिला पारा शिक्षक की चाकू मारकर हत्या, बचाने की कोशिश में मां और भाई घायल




