
Ranchi : मोदी सरकार के लाये तीनों कृषि कानूनों पर अगले आदेश तक रोक के फैसले पर तमाम विपक्षी पार्टियों ने खुशी जतायी है. वहीं प्रदेश युवा कांग्रेस नेता इन कानूनों के पूरी तरह से स्थगन करने को लेकर आंदोलनरत है.
इसी कड़ी में मंगलवार यानी युवा दिवस के अवसर पर रांची महानगर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के घर के बाहर थाली बजा कर कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम का नेतृत्व रांची जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजीव नारायण प्रसाद ने किया. इस दौरान प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव, प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार राजा, प्रदेश महासचिव आलोक तिवारी, प्रवक्ता उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, प्रदेश सचिव सह अधिवक्ता अमृत कुमार सिंह सहित कई युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : लंबे समय से बिजली बिल बकाया है तो सावधान! कभी भी आ धमकेगा ये ‘गैंग’
मोदी सरकार देखे किसानों का दर्द
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार थाली बजा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना भगाने का काम किया था, उसी प्रकार हम युवा थाली बजा कर केंद्र की बहरी सरकार के कान खुलवाने का काम कर रहे हैं.
ऐसा करने का उद्देश्य यह है कि मोदी सरकार को किसानों का दर्द और किसानों की तकलीफ दिख सके और वह तीनों काले कृषि कानूनों को अविलंब रद्द करे.
इसे भी पढ़ें : जैक की मैट्रिक और इंटर बोर्ड की परीक्षा अब अप्रैल में होगी
जरूरी है कि तीनों कानूनों को रदद् करने का कोर्ट दे आदेश
तीनों कृषि कानूनों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के दिये निर्णय को स्वागतयोग्य बताते हुए कुमार गौरव ने कहा कि जरूरी यह है कि उपरोक्त कानूनों को पूरी तरह से निरस्त करने का कोर्ट आदेश दे. उन्होंने कहा कि कोर्ट को कृषि कानूनों के तह में जाकर देखना चाहिए कि यह किस तरह से किसानों के अहित में है.
राज्यसभा से ही कानूनों को पास करने में मोदी सरकार ने गलती की. सरकार को इन विधेयकों को लाने के पहले विभिन्न पक्षों से बातचीत करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
दरअसल केंद्र सरकार विभिन्न कानूनों के जरिए राज्यों के अधिकार अपने हाथ में लेना चाहती है. बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने तीनों कृषि कानूनों पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है और एक कमेटी का गठन करने का आदेश दिया है.
इसे भी पढ़ें : ग्राहक सेवा केन्द्र संचालक को लूटने वाले पांच अपराधी धराये, हथियार व बाइक बरामद




