
Palamu : गढ़वारोड से बरवाडीह तक बिछाई जा रही तीसरी रेलवे लाइन में लगा 60 लाख का केबल वायर चोरी हो गया है. चोरी का मामला सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस ने केबल चोरी कर उसे 1200 रूपये प्रति किलो की दर से बेचते चार युवकों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 40 केजी केबल वायर बरामद किया गया है.
नावा बाजार थाना में बुधवार को विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरजीत कुमार ने जानकारी दी कि नावा बाजार थाना के रजहरा कोठी स्थित भैंसामाना पुल के समीप आरबीएनएल का तीसरी रेलवे लाइन का प्रोजेक्ट चल रहा है. गढ़वारोड से बरवाडीह तक केपीटीएल कंपनी रेलवे पटरी बिछाने का कार्य कर रही है.
इसमें कीमती तांबे का केबल वायर लग रहा है. 4 जून की रात्रि में भैंसामाना पुल के समीप करीब 228 मीटर लंबा तांबे का तार चोरों के द्वारा काट लिया गया था. इस संबंध में केपीटीएल के मैनेजर राजीव सिंह के द्वारा नावा बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी.
इसे भी पढ़ें:रांची के ग्रामीण इलाके में सक्रिय पीएलएफआई का एरिया कमांडर कुंवर उरांव गिरफ्तार
अनुसंधानकर्ता नंदकिशोर दास को 7 जून की रात मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई की गयी. रजहरा कोठी इलाके में छापेमारी की गयी. यहां से चोरी गया 40 केजी तांबा का तार बरामद हुआ.
मौके से चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. आरोपियों में मुख्य आरोपी नीरू अंसारी (30वर्ष), पिता स्वर्गीय इब्राहिम अंसारी, विक्की कुमार (19वर्ष), पिता छोटन चौहान, असगर मुंडा (30वर्ष), पिता रामदयाल मुंडा तीनों रजहारा निवासी है. वहीं बलीराम (उम्र 57), पिता स्वर्गीय रामदयाल राम, अमवा विश्रामपुर शामिल हैं.
एसडीपीओ ने बताया कि चोरी गए केबल वायर को कबाड़ी खरीदता था. सभी आरोपी से पूछताछ के बाद बुधवार को मेदिनीनगर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. छापामारी अभियान में थाना प्रभारी दीपक कुमार दास, एएसआई नंद किशोर दास, सुनील कुमार, सुरेंद्र यादव, राजू राम के नाम शामिल है.
इधर, कंपनी के मैनेजर राजीव सिंह का कहना है कि चोरी गया तांबे का तार काफी कीमती है. 50 से 60 लाख के केबुल वायर की चोरी हुई है. सारे वायर थर्ड लाइन में लगाए जा रहे थे. तांबे का तार 12 सौ रुपए केजी के हिसाब से कबाड़ी के यहां चोर बेच रहे थे. इस घटना से कंपनी को काफी नुकसान हुआ.
इसे भी पढ़ें:झारखंड सरकार ने एडीजी अनुराग गुप्ता को किया आरोपमुक्त, सरयू ने उठाये सवाल




