
Jhabua (MP): कोरोना वायरस के चेन को तोड़ने के लिए देश में लॉकडाउन है. वहीं संक्रमण के बढ़ते केस के कारण लॉकडाउन के बढ़ने की भी प्रबल संभावना है. लेकिन कई जगहों में आम आदमी से लेकर खास भी इस लॉकडाउन को लेकर गंभीर नहीं, ना ही समस्या को गंभीरता से ले रहे हैं.
कुछ ऐसा ही नजारा दिखा मध्य प्रदेश के झबुआ में जहां सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी को लॉकडाउन तोड़ने के कारण गिरफ्तार किया गया.
इसे भी पढ़ेंः#FightAgainstCorona : ट्रकों की आवाजाही को छूट, एक राज्य से दूसरे राज्य में भी जा सकेंगे
परिवार संग इंदौर से अहमदाबाद जा रहे थे अधिकारी
पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल के एक अधिकारी और उसके परिवार को लॉकडाउन का उल्लंघन कर वाहन से इंदौर से अहमदाबाद जाने के आरोप में गिरफ्तार किया है.
जिला पुलिस अधीक्षक विनीत जैन ने सोमवार को बताया कि रविवार को बीएसफ के एक उप निरीक्षक बिना अनुमति के परिवार सहित वाहन से इन्दौर से अहमदाबाद जा रहे थे.
पुलिस ने 16 किलोमीटर दूर माछलिया घाट पर उनके वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन रोकने के बजाय घटनास्थल से भाग निकले. बाद में पुलिस ने उन्हें कालीदेवी पुलिस थाने के सामने पकड़ लिया.
जैन ने बताया कि वाहन में बीएसएफ उपनिरीक्षक राजकिशोर चौधरी और उनके परिवार के सदस्य सवार थे. ये सभी अहमदाबाद के रहने वाले हैं. पूछताछ में चौधरी ने बताया कि वह इन्दौर से अहमदाबाद जा रहे हैं लेकिन उनके पास लॉकडाउन के दौरान यात्रा करने की कोई उचित अनुमति पत्र नहीं था.
एसपी ने बताया कि तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने चौधरी सहित पांच लोगों के खिलाफ आइपीसी की संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया है.
उन्होंने बताया कि कुल छह यात्रियों में अपनी मां के साथ यात्रा कर रहा एक तीन साल का बच्चा भी शामिल है,उसके खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है. सोमवार को सभी पांचों आरोपियों को स्थानीय अदालत ने जमानत पर रिहा कर दिया.
इसे भी पढ़ेंः#Bihar में पर्याप्त संख्या में नहीं हो रही कोरोना जांच, सरकार ‘आग के खुद बुझने’ की कर रही उम्मीद: तेजस्वी
पिछले 24 घंटे में 796 नये मामले
बता दें कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 796 मामलों की पुष्टि हुई है जबकि संक्रमण से 35 लोगों की मौत हुई है. कल तक देश में 2 लाख 6 हजार 212 लोगों की जांच हुई है.
वहीं कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अब तमिलनाडु सरकार ने भी लॉकडाउन 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है.
इसे भी पढ़ेंःरांची के हिन्दपीढ़ी इलाके के लोग क्यों जला रहे अखबारों को !




