Uncategorized

गुजरात और हिमाचल में भाजपा की जीत के आसार : एक्जिट पोल

New Delhi : गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव के बाद कई मीडिया समूहों की ओर से किए गए एग्जिट पोल में इन दोनों राज्यों में भाजपा की जीत की संभावना जताई गई है. तकरीबन सभी एक्जिट पोल में गुजरात में भाजपा को 100 से अधिक सीटें दी गई हैं. भाजपा इस राज्य में 22 साल से सत्ता में है.

हिमाचल में कांग्रेस के पिछड़ने की भविष्यवाणी
हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा की जीत की संभावना जताई गई है. इस राज्य की राजनीति में यह देखा गया है कि हर पांच साल पर सत्ता परिवर्तन होता है. एक बार कांग्रेस तो दूसरी भाजपा सत्ता में आती है. फिलहाल हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है.

‘टुडेज चाणक्य’ के एक्जिट पोल के अनुसार गुजरात में भाजपा को 135 सीटें मिलेंगी तो कांग्रेस को 47 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है.
गुजरात में आज दूसरे और अंतिम दौर का मतदान संपन्न हुआ. टाइम्स नाउ-वीएमआर के एग्जिट पोल में कहा गया कि राज्य में भाजपा को 115, कांग्रेस को 64 तथा शेष सीट अन्य दलों को मिल सकती हैं.
रिपब्लिक-सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 108 और कांग्रेस को 74 सीट मिलने का अनुमान है.
एबीपी-सीएसडीएस के चुनाव बाद सर्वेक्षण के अनुसार भाजपा को 117 और कांग्रेस को 64 सीट मिल सकती हैं.
वहीं, एनडीटीवी पर आए एक एग्जिट पोल में कहा गया कि भाजपा को 112 तथा कांग्रेस को 70 सीट मिल सकती हैं.
‘आज तक’ के चुनाव बाद सर्वेक्षण  के अनुसार भी भाजपा सत्ता पर फिर से कब्जा हासिल करेगी. इसने कहा कि भाजपा को 99 से 113 सीट मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 68 से 82 सीट जाने का अनुमान है. गुजरात में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 92 सीट जीतने की आवश्यकता है. वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 115, कांग्रेस को 61 तथा अन्य को छह सीट मिली थीं.

हिमाचल प्रदेश विधानसभा को लेकर आज शाम आए एक्जिट पोल में भाजपा की सत्ता में वापसी के संभावना जताई गई है.

‘टाइम्स नाउ-वीएमआर’ और ‘जी न्यूज-एक्सिस’ के एक्जिट पोल में भाजपा को 68 सदस्यीय विधानसभा में 51 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है.
‘टाइम्स नाउ-वीएमआर’ के एक्जिट पोल में कांग्रेस को 16 और जी न्यूज-एक्सिस के पोल में कांग्रेस को 17 सीटें दी गई हैं.
‘आजतक-एक्सिस’  के एक्जिट पोल में भाजपा को 47-55 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, वहीं कांग्रेस को 13-20 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है.
‘न्यूज एक्स’ के पोल के मुताबिक भाजपा को 42-50 सीटें और कांग्रेस को 18-24 सीटें मिल सकती हैं.

हिमाचल प्रदेश में बीते नौ नवंबर को मतदान हुआ था. सरकार बनाने के लिए 35 सीटों की जरूरत है.
कांग्रेस प्रवक्ता शोभा ओझा ने एक्जिट पोल के आकलन को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव परिणाम के दिन ये अनुमान गलत साबित होंगे.
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि आप एक्जिट पोल पर कितना विश्वास करते हैं. हम बिहार, तमिलनाडु, पंजाब में एक्जिट पोल देख चुके हैं. ये सभी गलत साबित हुए. इसलिए आप एक्जिट पोल पर कितना यकीन कर सकते हैं.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button