NationalWorld

जापान में मोदी-ट्रंप की मुलाकात, अमेरीकी राष्ट्रपति ने कहा- हम अच्छे दोस्त, मिलकर करेंगे काम

Osaka : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ यहां जी-20 शिखर सम्मेलन शुरू होने से पहले शुक्रवार को द्विपक्षीय वार्ता की.

जापान-अमेरिका-भारत के बीच त्रिपक्षीय बैठक के थोड़ी देर बाद दोनों नेताओं ने मुलाकात की, जिसमें मोदी ने समूह के लिए ‘‘भारत के महत्व’’ को रेखांकित किया था.

क्या हुई बातें

मोदी-ट्रंप की बैठक इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अमेरिकी उत्पादों पर “अत्यधिक उच्च” शुल्क लगाने के भारत के निर्णय की अमेरिकी राष्ट्रपति खुलकर आलोचना करते रहे हैं. वहीं ट्रंप ने इससे पहले गुरुवार को जापान पहुंचने पर ट्वीट किया था कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस संबंध में बात करना चाहता हूं कि भारत ने वर्षों से अमेरिका के खिलाफ ज्यादा शुल्क लगा रखा है और हाल के दिनों में उसे और बढ़ा दिया गया है. यह अस्वीकार्य है और शुल्क को निश्चित रूप से वापस लिया जाना चाहिए.

मुलाकात में राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से कहा कि आपने लोगों को साथ लाने का बड़ा काम किया है. मुझे याद है कि जब आप पहली बार सत्ता में आए थे, तब कई धड़े थे. सभी आपस में लड़ते थे, लेकिन अब सब  साथ हैं. यह आपकी क्षमता का सबसे बड़ा सम्मान है.

साथ ही यह भी कहा कि हम लोग काफी अच्छे दोस्त हो गए हैं. हम दोनों के देशों में इससे पहले कभी इतनी नजदीकी नहीं हुई. मैं ये बात पूरे भरोसे से कह सकता हूं. हम लोग कई क्षेत्रों में खासकर मिलिटरी में मिलकर काम करेंगे.

गौरतलब है कि भाजपा के हाल ही में संसदीय चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद मोदी की ट्रंप से यह पहली मुलाकात है.

आतंकवाद मानवता के लिये सबसे बड़ा खतरा : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि आतंकवाद मानवता के लिये सबसे बड़ा खतरा है जो न सिर्फ बेगुनाहों की हत्या करता है बल्कि आर्थिक विकास और सामाजिक स्थिरता को भी बुरी तरह प्रभावित करता है.

जापान के ओसाका शहर में ब्रिक्स नेताओं की अनौपचारिक बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद और जातिवाद का किसी भी जरिए से समर्थन बंद करने की जरूरत है.

उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता के लिये सबसे बड़ा खतरा है. यह सिर्फ निर्दोषों की ही हत्या नहीं करता बल्कि आर्थिक विकास और सामाजिक स्थिरता को भी बुरी तरह प्रभावित करता है.

प्रधानमंत्री मोदी का पूरा कार्यक्रम

  • 5.45 बजे : जापान-अमेरिका-भारत के नेताओं की बैठक
  • 6.05 बजे : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक
  • 6.50 बजे : ब्रिक्स नेताओं की अनौपचारिक बैठक
  • 7.25 बजे : सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ बैठक
  • 7.45 बजे : आधिकारिक स्वागत और फैमिली फोटो
  • 8.05 बजे : थाइलैंड के प्रधानमंत्री जनरल प्रयुत चान-ओ-चा (रिटा.) से मुलाकात
  • 8.30 बजे : कोरिया के राष्ट्रपति मून-जे-इन के साथ बैठक
  • 8.50 बजे : सेशन-1 (वर्किंग लंच)
  • 10.40 बजे : वियतनाम के प्रधानमंत्री नुएन शुआन से मुलाकात
  • 10.55 बजे : वर्ल्ड बैंक ग्रुप के प्रेसिडेंट डेविड मालपास से मुलाकात
  • 11.05 बजे : जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल के साथ बैठक
  • 11.25 बजे : सेशन-2
  • 13.00 बजे : चीन के नेताओं के साथ अनौपचारिक बैठक
  • 15.00 बजे : संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटारेस से मुलाकात
  • 15.10 बजे : सांस्कृतिक कार्यक्रम और डिनर

Related Articles

Back to top button