
Palamu : बिजली करंट से तीन ग्रामीणों की मौत पर पलामू-गढ़वा के सीमावर्ती उंटारी-मझिआंव के बीच साढ़े सात घंटे तक हंगामा किया गया और सड़क को जाम रखा गया. मंगलवार की देर शाम मेदिनीनगर के सदर एसडीओ राजेश साह के समझाने और सभी मांगों को सरकार के पास भेजने के आश्वासन पर लोगों का आक्रोश शांत हुआ. जाम दोपहर एक बजे से किया गया था.
बतातें चलें कि पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लहर बंजारी के नावाडीह टोला में मंगलवार की दोपहर कोयल नदी से स्नान कर चबूतरे पर धूप सेंक रहे आधा दर्जन ग्रामीणों पर 11 हजार का हाइटेंशन तार गिर गया था, जिसकी चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गयी थी, जबकि तीन जख्मी हैं. उनका इलाज गढ़वा मझिआंव के रेफरल अस्पताल में चल रहा है. इनमें एक की हालत गंभीर बतायी गयी है.
मृतकों की पहचान लहर बंजारी गांव के नावाडीह टोला निवासी 55 वर्षीय सुरेश चौधरी, 42 वर्षीय बुटन चौधरी, 24 वर्षीय कुश्वर चौधरी के रूप में हुई है. जबकि जख्मी में 65 वर्षीय लखन चौधरी, 62 वर्षीय रामसुंदर चौधरी एवं 63 वर्षीय रामकेश्वर चौधरी हैं. सभी गोतिया परिवार के सदस्य बताये गये हैं.
घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गयी. तार गिरने के बाद तत्काल इसकी सूचना मोहम्मदगंज विद्युत सब स्टेशन को दी गयी, लेकिन जबतक बिजली काटी जाती, तबतक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी.
पलामू-गढ़वा के बीच रहा आवागमन ठप
बिजली विभाग के रवैये से आक्रोशित और मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दोपहर 1 बजे मझिआंव पुल के समीप उंटारी-मझिआंव पथ को जाम कर दिया है.
इससे पलामू गढ़वा का संपर्क कट गया है. दोनों छोर पर वाहनों की लंबी लाइन लगी है. प्रदर्शनकारी विद्युत विभाग के वरीय अधिकारी को मौके पर आकर मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे. टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया. विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
ग्रामीणों का कहना है कि चबूतरा के ऊपर मात्र 5 मीटर की हाइट पर विद्युत वायर गुजरा है. कई बार तार की उंचाई बढाने की मांग की गयी, लेकिन विद्युत विभाग के पदाधिकारियों ने अनसुना कर दिया.
घटना की सूचना के बाद घटनास्थल पर उंटारी, पांडु, रेहला की पुलिस मौजूद रही. सर्किल इंस्पेक्टर राजबल्लभ पासवान लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण उपायुक्त और बिजली विभाग के वरीय अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे. अंत में सदर एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और उनकी 10-10 लाख मुआवजा, घायलों को दो-दो लाख एवं सरकारी नौकरी देने की मांग को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया.
इसे भी पढ़ें : रुपा तिर्की मौत मामला : जांच के लिए 66 दिन बाद फिर सीबीआई की टीम पहुंची साहिबगंज




