
Ranchi : रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में 12 साल की एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले में जगन्नाथपुर थाना की पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि, दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है. घटना मंगलवार देर रात की है. पकड़ा गया आरोपी जगन्नाथपुर इलाके के कल्याणपुर का रहनेवाला है.
बताया जा रहा है कि बच्ची मंगलवार की रात घर के कमरे में अकेली सो रही थी. इसी दौरान तीन युवक उसका मुंह दबाकर उसे अगवा कर ले गये. इसके बाद तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. सुबह करीब पांच बजे तक तीनों नाबालिग बच्ची को अपना शिकार बनाते रहे. बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर थाना पहुंचे और एफआईआर दर्ज करायी. थाना में मामला सामने आने के बाद पुलिस ने छापामारी कर एक आरोपी को दबोच लिया.
रांची के सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और एक आरोपी को पकड़ा गया है. दो आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापामारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें : किसान आंदोलन : केंद्र सरकार, पंजाब व हरियाणा को SC का नोटिस, जवाब तलब किया, कल फिर सुनवाई




