
Ranchi : लॉकडाउन की चुनौतियों के बीच रेल मंत्रालय ने 12 मई से देश के विभिन्न शहरों के लिए नयी दिल्ली से कुल 15 जोड़ी ट्रेनें खोलने का फैसला किया है.
इसके अंतर्गत दिल्ली से रांची एवं रांची से दिल्ली के लिए भी सप्ताह में 2 दिन राजधानी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन (ट्रेन संख्या 02454/02453) चलेगी.
दक्षिण पूर्व रेलवे, रांची मंडल ने इस संबंध में सोमवार को प्रेस रिलीज के जरिये सूचना जारी कर दी है. इसमें यात्रियों को कई जरूरी निर्देश भी दिये गये हैं.
इसे भी पढ़ें – #Dumka में बकरी चोरी के आरोप में ग्रामीण ने की दो लोगों की पिटाई, एक की मौत, एक घायल
बुधवार और शनिवार को नयी दिल्ली से रांची आयेगी ट्रेन
नयी दिल्ली-रांची राजधानी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन (ट्रेन संख्या 02454) नयी दिल्ली से बुधवार एवं शनिवार को दोपहर साढ़े तीन बजे रांची के लिए प्रस्थान करेगी. यह भाया कानपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए रांची सुबह 10:00 बजे पहुंचेगी.
इसी तरह रांची-नई दिल्ली राजधानी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन (ट्रेन संख्या 02453) रांची से हर गुरुवार एवं रविवार को 17:40 बजे प्रस्थान करेगी. पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और कानपुर होते हुए सुबह 10:55 में नयी दिल्ली पहुंचेगी.
इन ट्रेनों में कुल 20 कोच होंगे. इसमें एसी फर्स्ट क्लास के 1 कोच, एसी टू टियर के 05 कोच, एसी थ्री टियर के 11 कोच, 1 पैंट्री कार तथा 2 जनरेटर यान होंगे. यह ट्रेन पूरी तरह से वातानुकूलित है.
इसे भी पढ़ें – #Lockdown: धैर्य खो रहे प्रवासी मजदूर, घर वापसी के लिए ट्रेन की जानकारी नहीं मिल रही
श्रमिक ट्रेनों के अलावा है राजधानी ट्रेन
नयी दिल्ली से रांची और रांची से नयी दिल्ली के बीच चलनेवाली राजधानी ट्रेन श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के अलावा अलग से चलेंगी. इन ट्रेनों के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ही ई-टिकटिंग प्रणाली से टिकट प्राप्त किए जा सकेंगे.
इन टिकटों के खरीदने के लिए अग्रिम अवधि अधिकतम 7 दिनों की तय की गयी है. इन ट्रेनों के लिए आईआरसीटीसी तथा रेलवे के अधिकृत एजेंट द्वारा टिकट रिजर्वेशन नहीं किये जा सकेंगे.
यात्री स्वयं आइआरसीटीसी की वेबसाइट से टिकट बुक कर सकते हैं.
स्टेशन पर डेढ़ घंटे पहले आना जरुरी
यात्रियों से स्वयं का खाने पीने का सामान साथ रखने की अपील की गयी है. स्टेशन पर कम से कम 90 मिनट पहले पहुंचने का भी आग्रह रेलवे की ओर से किया गया है ताकि उनका समय पर थर्मल स्क्रीनिंग किया जा सके.
वही यात्री स्टेशन आयेंगे जिनके पास स्टेशन पर आने एवं स्टेशन से जाने के लिए कंफर्म ई टिकट होगा. अगले आदेश तक अन्य मेल एक्सप्रेस पैसेंजर एवं सब-अर्बन ट्रेनें रद्द रहेंगी. सभी यात्रियों से आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने का भी निर्देश जारी किया गया है.
इसे भी पढ़ें – #LockDown.3 में छूट देने पर समीक्षा कर रही हेमंत सरकार, राज्य को पटरी पर लौटाने की चिंता




