National

मेरठः अतिक्रमण हटाने को लेकर बवाल, 100 से ज्यादा झुग्गियां खाक-दर्जनों गाड़ियों में तोड़फोड़

Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के भूसा मंडी इलाके में अतिक्रमण हटाने गए पुलिस और कैंट बोर्ड की टीम पर लोगों ने पथराव और हंगामा किया. मौके पर गई कैंटोमेंट बोर्ड और पुलिस की टीम से स्थानीय लोगों ने बदतमीजी करते हुए मारपीट की. इस दौरान आगजनी और तोड़फोड़ की गई. करीब 100 से ज्यादा झुग्गी झोपड़ी में आग लगा दी गई. एक धार्मिक स्थल भी आग की चपेट में आ गया. मकानों में बड़ी संख्या में रखे सिलेंडर विस्फोट के साथ फटे तो पूरा शहर दहल उठा.

इसे भी पढ़ेंःउत्तरप्रदेश में भाजपा के सांसद शरद त्रिपाठी और विधायक राकेश सिंह आपस में भिड़े, गालियों और जूते की…

इधर घटना के विरोध में गुस्साए लोगों ने जमकर बवाल किया. लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. पुलिस ने बताया कि प्रदेश के मेरठ शहर में अतिक्रमण हटाने आये पुलिसकर्मियों पर आक्रोशित लोगों ने पथराव किया और एक पुलिसकर्मी से उसका वायरलेस सेट व कैंटबोर्ड के सुपरवाइजर का मोबाइल छीन लिया .

सौ से ज्यादा झुग्गियां खाक

उन्होंने बताया, ‘इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया. इधर गिरफ्तारी के विरोध में कुछ असामाजिक तत्वों ने झुग्गियों में आग लगा दी और देखते ही देखते डेढ़ सौ से अधिक झुग्गियां आग की चपेट में आ गईं.’ लोगों का आक्रोश स्थानीय मेहताब सिनेमा होते हुए दिल्ली रोड पर भी पहुंच गया. दोनों जगहों पर हंगामे के दौरान पथराव, फायरिंग, आगजनी और तोड़फोड़ करते लोगों को पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ा.
मेरठ के जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने पीटीआई को बताया, ‘‘घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं. हालात फिलहाल काबू में है.’’

इसे भी पढ़ेंःराफेल मामले में प्रधानमंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए : कांग्रेस

दूसरी ओर पुलिस के अनुसार लोगों ने करीब दो दर्जन वाहनों में तोडफ़ोड़ करते हुए आगजनी करने की कोशिश की. उन्होंने बताया कि पुलिस सड़क पर उतरी तो छतों से गोलीबारी की गई. उन्होंने बताया कि इस बीच पुलिस ने एहतियात के तौर पर दिल्ली रोड पर वाहनों का मार्ग बदल दिया . स्थानीय मेहताब सिनेमा आने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं और रात तक हालात तनावपूर्ण रहे हैं.

कई गाड़ियां आग के हवाले

पुलिस ने बताया कि दो संप्रदाय के लोगों ने एक-दूसरे पर झुग्गियों में आगजनी का आरोप लगाया है और वहीं, उपद्रवियों ने दिल्ली रोड पर दो दर्जन कार व बाइक तथा करीब आधा दर्जन रोडवेज बसों में तोडफ़ोड़ कर दी. उन्होंने बताया कि देखते ही देखते क्षेत्र के कई बाजार बंद हो गए और तनाव के बीच भारी पुलिसबल स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है.

इसे भी पढ़ेंः12 मार्च को कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं हार्दिक पटेल, जामनगर से लड़ेंगे चुनाव !

भैसाली डिपो मेरठ के एक बस चालक सुनील कुमार बताते हैं, ‘‘लगभग सौ से डेढ़ सौ लोगों ने उनकी बस पर हमला बोल दिया. बस में सवार एक महिला और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि बस में सवार तीस से भी ज्यादा अन्य लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं.’’ बस चालक के अनुसार, ‘‘वह 100 नंबर पर फोन करते रहे लेकिन पुलिस की कोई मदद नहीं मिली .’’ आरोप लगाया जा रहा है कि ‘‘बस चालक के साथ भीड़ ने मारपीट की और वहीं बस में मौजूद सवारियों के साथ जमकर लूटपाट भी की गई. लोगों ने भागदौड़ कर अपनी जान बचाई.

फिलहाल हालात काबू में

मेरठ में आगजनी की सूचना के बीच घटनास्थल के नजदीक स्थित गोलचा सिनेमा का शो भी बीच में ही बंद कर दिया गया. आग की अफवाह फैलते ही सिनेमा में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सभी दर्शकों को थिएटर से बाहर भेज दिया गया.’’ ताजा जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं. इसके अलावा कई थानों की पुलिस बलों को भी वहां तैनात कर दिया गया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बतायी जा रही है.

इसे भी पढ़ेंः#एयर स्ट्राइकः अंग्रेजी न्यूज चैनल टाइम्स नाऊ का दावाः हमले में हुआ भारी नुकसान, तसवीरें जारी कीं

Related Articles

Back to top button