National

ममता Vs CBI: मुख्यमंत्री के धरने का तीसरा दिन, सीबीआई की याचिका पर आज SC में सुनवाई

New Delhi/ Kolkata: आम चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल सियासत का अखाड़ा बना हुआ है. मोदी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठीं ममता बनर्जी हटने को राजी नहीं है. कोलकाता में उनके धरने का आज तीसरा दिन है. इधर मामले को लेकर सीबीआई की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई होनी है. इससे पहले सोमवार शाम को टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी से मिलने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, डीएमके नेता कनिमोझी समेत विपक्ष के अन्य नेता कोलकाता पहुंचे.

खबर है कि मंगलवार को भी दिल्ली में विपक्ष के नेता मोदी सरकार के खिलाफ रणनीति बनाने का काम करेंगे. ज्ञात हो कि सोमवार को भी विपक्ष ने मामले को लेकर संसद में जोरदार हंगामा किया, जिससे लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही बाधित हुई.

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज

इस पूरे विवाद ने जहां देश की राजनीति में खलबली मचा रखी है. वहीं मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई की याचिका पर सुनवाई होनी है. इससे पहले सोमवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई और अन्य पक्षों से सबूत पेश करने को कहा था. ज्ञात हो कि चीफ जस्टिस रंजन गोगोई, जस्टिस दीपक गुप्ता और जस्टिस संजीव खन्ना इस मामले की सुनवाई करेंगे. कल की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि अगर कोलकाता कमिश्नर के खिलाफ सबूत मिलते हैं तो उन्हें पछतावा होगा.

धरने का तीसरा दिन

इधर बंगाल की मुख्यमंत्री के धरने का आज तीसरा दिन है. उन्होंने साफ कर दिया है कि चाहे कुछ भी हो वो समझौता नहीं करनेवाली हैं. मोदी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठी टीएमसी प्रमुख को विपक्ष का भी पूरा सहयोग मिल रहा है. पूरा विपक्ष गोलबंद होकर मामले में मोदी सरकार को घेरने की कोशिश में जुटा है. आम चुनाव से पहले ये सियासी लड़ाई ममता बनाम सीबीआई ना होकर ममता बनाम मोदी दिखाई दे रही है.

कमीश्नर को आखिर क्यों बचा रही ममता बनर्जी- बीजेपी

इधर मामले को लेकर बीजेपी भी ममता बनर्जी पर हमलावर है. बीजेपी ने सवाल उठाया है कि आखिर कोलकाता पुलिस कमीश्नर को बचाने के लिए ममता सरकार को धरने पर क्यों बैठना पड़ा. इससे पहले चिटफंड घोटाले में टीएमसी के सांसद और मंत्री तक की गिरफ्तारी हो चुकी है. उस वक्त सीएम का ये रवैया नहीं था.

गौरतलब है कि बहुचर्चित चिटफंड घोटाले से जुड़े मामले में जब सीबीआई की टीम कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार के घर पूछताछ के सिए पहुंची, तो कोलकाता पुलिस ने उन्हें धर लिया. अब ममता बनर्जी, केंद्र सरकार पर सीबीआई का दुरुपयोग करने का आरोप लगाकर धरना दे रही हैं.

इसे भी पढ़ेंः हमारी ‘जांच योजना’ के बारे में जानकारी चाह रही थी कोलकाता पुलिस : सीबीआइ अधिकारी

Related Articles

Back to top button