National

महाराष्ट्र : सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, आदित्य ठाकरे को डेप्युटी सीएम पद देने के लिए तैयार हूं

Mumbai : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले  सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने कहा है कि वह शिवसेना की युवा इकाई के प्रमुख आदित्य ठाकरे को उपमुख्यमंत्री पद देने को तैयार हैं. इस क्रम में  फडणवीस  ने यह भी कहा कि चाहे कुछ भी हो महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ेंगी. देवेंद्र फडणवीस ने कहा, यह तो साफ है कि किसी भी कीमत पर इस चुनाव में भाजपा, शिवसेना और दूसरे सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ने जा रहे हैं.

कहा कि पुराने सहयोगियों को साइडलाइन कर देना हमारी परंपरा  नहीं है. सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि भले ही हम सबसे बड़ा दल क्यों न हों, हम बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने को   तैयार है.

सीएम देवेन्द्र फडणवीस के अनुसार सीटों का बंटवारा 130 से 140 तक हो सकता है. बाकी बची हुई सीटें सहयोगी दलों को बांट दी जायेंगी.  बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा में 288 सीटें हैं. चर्चा है कि शिवसेना अब आदित्य ठाकरे को उप मुख्यमंत्री पद के लिए प्रॉजेक्ट कर रही है. इस पर देवेंद्र फडणवीस ने जवाब दिया, हमें इससे कभी कोई समस्या नहीं थी. हम अभी भी उन्हें यह पद देने को तैयार हैं. कहा कि  ठाकरे परिवार से चुनाव लड़ने वाले आदित्य पहले सदस्य होंगे और हमें खुशी होगी अगर वह हमारी सरकार का हिस्सा बनेंगे.

इसे भी पढ़े :  राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था पर कहा,  दशकों की मेहनत से हमने बनाया, भाजपा सरकार नष्ट कर रही है

भाजपा देवेंद्र फडणवीस को सीएम पद पर बनाये रखना चाहती है

जान लें कि  महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले ही सीएम पद भाजपा और शिवसेना के लिए टकराव का मुद्दा बना हुआ था. भाजपा देवेंद्र फडणवीस को  सीएम पद पर बनाये रखना चाहती है, वहीं शिवसेना  आदित्य ठाकरे को सीएम पद के लिए प्रोजेक्ट कर रही थी. लोकसभा चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे, देवेंद्र फडणवीस और अमित शाह के बीच तय हुआ था कि दोनों पार्टियां राज्य की सत्ता में बराबर की अधिकारी होंगी.

आदित्य पहले ही राज्यव्यापी जन आशीर्वाद यात्रा पर हैं और अब फडणवीस ने भी एक अगस्त से अपनी महाजनादेश यात्रा शुरू कर दी है.  इससे पहले मुंबई में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फड़णवीस ने कहा था, मैं सिर्फ भाजपा का नहीं बल्कि शिवसेना, आरपीआई, राष्ट्रीय समाज पक्ष (राज्य सरकार में सभी सहयोगी पार्टियों) का भी मुख्यमंत्री हूं। जनता यह निर्णय करेगी कि कौन अगला मुख्यमंत्री होगा.

इसे भी पढ़ेंःरिजर्व बैंक के बैलेंस शीट में सरकार का दखल अच्छा नहीं: सुब्बाराव

Related Articles

Back to top button