
Ranchi: मधुपुर विधानसभा के लिए 17 अप्रैल को उपचुनाव होने हैं. 17 मार्च से इसके लिये नामांकन शुरू हो जायेगा. 2 मई को चुनाव परिणाम भी जारी हो जायेगा. इसके लिये महागठबंधन में कैंडिडेट के लिये कोई इफ बट नहीं है. मंत्री हफीजुल हसन झामुमो की ओर से कैंडिडेट हैं. पर एनडीए खेमा का रोमांच अभी बाकी है. भाजपा इस सीट को अपने खेमे का बताती रही है. अब इस सीट को जीतकर वह हेमंत सरकार पर मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करने की फिराक में है. इसके लिये उसकी ओर से गंगा नारायण सिंह पर दांव लगाये जाने की संभावना जतायी जा रही है. शनिवार को पार्टी आफिस में होने वाली चुनाव समिति की बैठक में इस पर विचार हो सकता है.
इसे भी पढ़ें – झारखंड-ओडिशा सीमा के जैंतगढ़ में ICICI बैंककर्मी से 15 लाख की लूट
तीसरे स्थान पर रहे थे गंगा नारायण
2019 में हुए विधानसभा चुनाव में मधुपुर से झामुमो के हाजी हुसैन अंसारी ने कामयाबी हासिल की थी. दूसरे स्थान पर भाजपा के राज पालिवार और तीसरे पर आजसू पार्टी के गंगा नारायण रहे थे. हाजी को 87624, राज पालिवार को 64883 और गंगा को 45453 वोट मिले थे.
ऐसे में प्रदेश भाजपा का प्लान गंगा नारायण को आगे करने का हो सकता है. मुमकिन है कि उन्हें इसके लिये जल्दी ही भाजपा की सदस्यता दिलाकर बतौर कैंडिडेट मैदान में उतार दे. बंगाल में बाघमुंडी सीट आजसू पार्टी को दिये जाने के बाद भाजपा ही मधुपुर में अपना कैंडिडेड देगी, यह तय माना जा रहा है. यहा कारण है कि अंदरूनी तौर पर आजसू पार्टी अब मधुपुर से ज्यादा ध्यान बंगाल पर लगाये हुए है.
इसे भी पढ़ें – Mecon के मेटलर्जिकल विंग के पूर्व सीनियर मैनेजर पर ईडी ने दर्ज किया मनी लॉन्ड्रिंग का केस
बेरमो, दुमका से बेहतर तैयारी का प्रेशर
राज्य में 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद बेरमो और दुमका में उपचुनाव हुए. दोनों चुनाव में महागठबंधन ने सफलता पायी. भाजपा नहीं चाहती तीसरे उपचुनाव में भी उसे ऐसे ही मुंह की खानी पड़े. भाजपा में ही एक धड़ा ऐसा है जो मधुपुर में पूर्व मंत्री राज पालिवार को फिर से बतौर कैंडिडेट उतारे जाने का पक्षधर है. कहा जा रहा है कि पार्टी अबकी चुनाव को पिछले दोनों उप चुनाव की तुलना में ज्यादा ठोस रणनीति के साथ मैदान में ताल ठोकना चाहती है. उसे लगता है कि तगड़ा कैंडिडेट उतारे जाने और जीतने की स्थिति में पार्टी के लिये तो विशिष्ट उपलब्धि तो होगी ही, पर राज्य सरकार के लिये फजीहत की स्थिति बन सकती है.
लॉबी होने लगी तैयार
संताल के एक प्रभावशाली भाजपा सांसद गंगा नारायण को व्यक्तिगत तौर पर अपना समर्थन बनाये हुए हैं. उनसे गंगा की कई बार हाल फिलहाल में मुलाकात की भी सूचना है. उनके अलावे राज्य के एक पूर्व सीएम भी उसे अपनी पसंद बताने लगे हैं. हालांकि एक अन्य पूर्व सीएम की पसंद राज पालिवार ही हैं. इसके बावजूद माना जा रहा है कि एक बड़ा खेमा गंगा नारायण पर दांव आजमाने पर एकमत हो गया है. अब सबकी नजरें चुनाव समिति की बैठक पर लग गयी हैं.
इसे भी पढ़ें – पलामू: प्रशासनिक लिखित आश्वासन के बाद माने माइंस मजदूर, एक सप्ताह के लिए आन्दोलन स्थगित




