
Giridih : मंगलवार देर रात स्वास्थ विभाग को दो नये कोरोना संक्रमित की रिपोर्ट मिली. इससे जिले में अब कोरोना के 69 केस हो चुके हैं. 52 संक्रमितों को पहले ही मुक्त कर दिया गया है. कोविद-19 अस्पताल से दो और संक्रमितों को बुधवार को मुक्त किया गया. दोनों की दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद स्वास्थ विभाग ने मुक्त किया. जिले में एक्टिव केस की संख्या भी अब भी वही 20 है.
इसे भी पढ़ेंः Corona Update : 24 जून को झारखंड में 6 कोरोना पॉजिटिव मिले, कुल संख्या हुई 2207
सील किये गये प्रभावित इलाके
इधर मंगलवार की देर रात मिले पॉजिटिव केस में पहला डुमरी मुख्य बाजार की 14 वर्षीय नाबालिग तो दूसरा कोवाड़ पंचायत के बेडमुका गांव का 25 वर्षीय प्रवासी युवक का है. 14 वर्षीय नाबालिग 16 जून को अपने माता-पिता के साथ मुंबई से डुमरी पहुंची थी. उसके परिजनों को भी अब होम क्वांटेराइन में रहने का निर्देश दिया गया है. नाबालिग का घर डुमरी मुख्य बाजार की जिस गली में है, उसे सील कर दिया गया है.
युवक की कांटेक्ट हिस्ट्री भी खंगाली गयी. जिसमें परिजनों समेत छह लोगों के संपर्क में आने की बात कही गई है. फिलहाल इलाके को सैनेटाईज कराने के बाद सील कर दिया गया.
इसे भी पढ़ेंः पीके वर्मा बने पीसीसीएफ और प्रदूषण बोर्ड के अध्यक्ष, सरयू ने कहा जायेंगे हाइकोर्ट
कोरोना सर्वे को नहीं लिया गया गंभीरता से
इधर, कोरोना के खिलाफ सरकारों की लड़ाई फिलहाल हवा-हवाई ही नजर आ रही है. सरकार के निर्देश पर डोर-टू-डोर कोरोना का सर्वे किया जाना था. सरकार की ओर से शहर और ग्रामीण क्षेत्र में 19 से 21 का डेट निर्धारित किया गया. लेकिन शहरी क्षेत्र के किसी इलाके में कोई सर्वे नहीं हुआ.
जबकि सर्वे का डेट भी खत्म हो गया. अब प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर 118 अस्थायी केन्द्र बनाएं गए हैं. जहां लोगों को खुद पहुंच कर अपना सैंपल देना है.
सर्वे कार्य में शामिल सेविका और सहिया की और से गंभीर नहीं होने पर यह विफल रहा. इस बारे में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ज्योति वंदना कुजूर से जानकारी लेने का प्रयास किया गया. लेकिन उन्होंने कोई साफ जवाब नहीं दिया.
इसे भी पढ़ेंः मनरेगा योजनाओं में भ्रष्टाचार में लिप्त दो BDO पर कार्रवाई के प्रस्ताव पर CM की हरी झंडी




