National

भारत फॉरवर्ड बेसों से लड़ाकू विमान हटाये, तभी पाकिस्तान अपने एयरस्पेस खोलेगा  

NewDelhi :  पाकिस्तान ने  कहा है कि वह भारत की वाणिज्यिक उड़ानों के लिए तब तक अपने हवाई क्षेत्र को नहीं खोलेगा, जब तक भारतीय वायुसेना के अग्रिम एयरबेस से लड़ाकू विमानों को नहीं हटा लिया जाता है.  जान लें कि बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान ने अपने एयरस्पेस को बंद कर रखा है.  पाक की विमानन सचिव शाहरुख नुसरत ने एक संसदीय समिति को यह जानकारी दी. पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी ठिकानों पर किये गये भारतीय वायु सेना के हमले के बाद पाकिस्तान ने 26 फरवरी को अपने हवाईक्षेत्र को पूरी तरह से बंद कर दिया था.

डॉन न्यूज की खबर के अनुसार विमानन सचिव नुसरत ने गुरुवार को विमानन पर सेनेट की स्थाई समिति को जानकारी दी कि उनके विभाग ने भारतीय अधिकारियों को सूचना दी है कि उनका (पाकिस्तान का) हवाई क्षेत्र भारत के इस्तेमाल के लिए तब तक उपलब्ध नहीं होगा, जब तक कि भारत (भारतीय वायु सेना के) अग्रिम हवाई अड्डों से अपने लड़ाकू विमानों को हटा नहीं लेता. नुसरत ने समिति को बताया,  भारत सरकार ने हमसे संपर्क कर हवाई क्षेत्र खोलने का अनुरोध किया था. हमने उन्हें अपनी इन चिंताओं से अवगत कराया कि पहले भारत को अग्रिम हवाई अड्डों पर तैनात अपने लड़ाकू विमानों को निश्चित रूप से हटाना चाहिए.

उन्होंने समिति को बताया कि भारतीय अधिकारियों ने पाकिस्तान से संपर्क कर हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध को हटाने का अनुरोध किया. नुसरत ने कहा, हालांकि भारतीय अधिकारियों को बताया गया है कि भारतीय वायु सेना के हवाई अड्डों पर अब भी लड़ाकू विमान तैनात हैं और इन विमानों के हटाये जाने तक पाकिस्तान भारत से विमानों का आवागमन बहाल करने की इजाजत नहीं देगा.  प्रतिबंध लगाये जाने के बाद भारत के सभी यात्री विमान दूसरे रास्तों से आ-जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ेंः कर्नाटक प्रकरण : SC ने स्पीकर को  दिया  मंगलवार तक का समय, तब तक विधायकों को अयोग्य नहीं ठहरा सकते

Related Articles

Back to top button