Uncategorized

भारतीय बल्लेबाजों की सफलता का राज न्यूजीलैंड में

|| राधिका भिरानी ||
हॉक्स बे (न्यूजीलैंड): न्यूजीलैंड का नॉर्थ आइलैंड अपनी उम्दा वाइन के लिए दुनिया भर में विख्यात है, लेकिन नॉर्थ आईलैंड के हॉक्स बे में एक छोटा सा कस्बा वाइपावा भारतीय बल्लेबाजों सहित दुनिया के कुछ दिग्गज बल्लेबाजों के रन बनाने का राज छिपाए हुए है।

वाइपावा के जेम्स लेवर सचिन तेंदुलकर, ब्रायन लारा, राहुल द्रविड़ के अलावा कई भारतीय बल्लेबाजों के लिए पिछले दो दशक से विशेष तौर पर डिजाइन बल्ले बनाते आ रहे हैं।

लेवर का कहना है कि उनके ग्राहकों में 60 फीसदी भारतीय हैं।

यहां यह भी बताते चलें कि बल्लों के उत्पादन में भारत दुनिया में सर्वोपरी है।

लेवर एंड वुड्स ब्रांड से बल्ले बनाने वाले लेवर स्वीकार करते हैं कि पिछले 20 वर्षो में बल्लों के उत्पादन में तेजी से बदलाव आया है, लेकिन उनका कहना है कि वह किसी बल्लेबाज के लिए उसके सर्वाधिक अनुकूल बल्लों का निर्माण करते हैं।

बल्ले का ब्लेड बनाने में विशेषज्ञ लेवर अपने ग्राहक की जरूरतों के अनुसार हर बल्ला खुद अपने हाथ से तैयार करते हैं।

सबसे बड़ी बात यह है कि बल्लेबाज की जरूरत का आंकलन करने के लिए उन्हें सामने होने की आवश्यकता भी नहीं है, बल्कि लेवर फोन पर बातचीत के जरिए, ईमेल के जरिए और यहां तक कि फेसबुक पर चैटिंग के जरिए इसका आंकलन कर लेते हैं।

आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में कुछ ही महीने बाद होने वाले आईसीसी विश्व कप से ठीक पहले हम 6.5 फिट लंबे लेवर से मिलने पहुंचे। लेवर युवावस्था में एक बार भारत की यात्रा कर चुके हैं।

लेवर ने आईएएनएस से कहा, “मेरे अधिकांश, लगभग 60 फीसदी, ग्राहक भारतीय हैं, हालांकि मेरे ग्राहक पूरी दुनिया में हैं। मेरे ग्राहकों में भारत में रहने वाले बल्लेबाजों की अपेक्षा भारत से बाहर रहने वालों की संख्या अधिक है।”

लेवर ने कहा, “मैं एक बार फिर भारत की यात्रा करना चाहता हूं। मेरे पास भारत में निर्मित कुछ बल्ले भी हैं, जो मेरे मित्रों ने मुझे दी हैं। भारत में बल्ले के निर्माण की तकनीक मुझे हमेशा से अच्छी लगती है।”

उन्होंने कहा, “लेकिन कुछ भारतीय बल्ला निर्माता मुझे अपने बल्ले परीक्षण करने के लिए भेजते हैं। मतलब हम बल्ला निर्माण में सलाहकार की भूमिका भी निभा रहे हैं।”

लेवर के ग्राहकों में सामान्य बल्लेबाजों से लेकर बड़े लीग मैच खेलने वाले और प्रथम श्रेणी खेलने वाले बल्लेबाज भी शामिल हैं। भारत के अलावा आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, मलेशिया, ब्राजील और हांगकांग में भी लेवर एंड वुड्स के बल्लों की अच्छी मांग है।

लेवर का हालांकि कहना है कि वास्तव में उनके ग्राहकों में ऐसे बल्लेबाज शामिल हैं जिन्हें कुछ विशेष और अपने लिए सर्वाधिक अनुकूल बल्लों की जरूरत है।

लेवर ने कहा, “इससे पहले मैं ब्रायन लारा, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और श्रीलंका के अनेक बल्लेबाजों के लिए बल्ले बना चुका हूं। सचिन पिछले कुछ वर्षो से ही मेरे बनाए बल्ले इस्तेमाल कर रहे थे। माहेला जयवर्धने के अलावा सनत जयसूर्या मेरे कुछ सबसे अच्छे ग्राहकों में से रहे हैं।”

लेवर अमूमन हर साल 1,500 बल्ले बनाते आ रहे हैं, लेकिन विश्व कप को देखते हुए उनका अनुमान है कि इस साल वह 1,800 बल्ले बनाएंगे। (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button