रांची : रांची उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने होटल प्रबंधकों, रेस्त्रॉ मालिकों, बैंकवेट हाॅल संचालकों तथा उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कई निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध करायी गयी मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री प्रत्येक होटल और रेस्त्रा के बाहर प्रवेश द्वार पर अवश्य लगायें।
उपायुक्त ने सभी प्रबंधकों और संचालकों को निर्देश दिया है कि नौ दिसम्बर 2014 को चुनाव के दिन रांची में अवकाश घोषित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में धन बल का प्रयोग नहीं करने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई राजनीतिक समूह इन जगहों पर ठहर कर किसी प्रकार का अनैतिक व्यवहार कर रहे हो तो इसकी सूचना दें। उपायुक्त ने यह भी कहा कि यदि शादी की पार्टियों का संचालन किसी राजनीतिक दल या उम्मीदवार कर रहे हों तो इसकी भी सूचना दें।
उपायुक्त ने कहा कि मतदान समाप्ति के 48 घंटे से पहले कोई भी बाहरी व्यक्ति या समूह होटलों, रेस्तरॉ में रूके तो संदेह होने पर इसकी सूचना दें।
उपायुक्त ने ग्राम जागरूकता समूह तथा ग्राम प्रधानों एवं वार्ड सदस्यों के साथ भी बैठक की जिसमें उन्हे अवगत कराया गया कि मांडर एवं तमाड़ विधान सभा क्षेत्र के मतदाताओं को मतदाता पर्ची का वितरण 20 से 24 नवम्बर 2014 तक किया जाएगा। रांची, हटिया, कांके, खिजरी तथा सिल्ली विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता पर्ची का वितरण 27, 28, 29 एवं 30 नवम्बर 2014 को किया जाएगा।
उपायुक्त ने ग्राम प्रधानों से अपने क्षेत्र की जनता को प्रलोभन मुक्त तथा निर्भिक मतदान करने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया। उपायुक्त ने कहा कि, पैसा या गिफ्ट देना एवं लेना दोनों गैरकानूनी है। यदि किसी उम्मीदवार द्वारा हडि़या, दारू, खस्सी-भात इत्यादि का आयोजन या वितरण किया जाता है तो इसकी सूचना जिला निर्वाचन शाखा को दें। सात दिसम्बर 2014 के संध्या पांच बजे के बाद से चुनाव समाप्ति तक शराब दुकान बंद रहेंगे।
पेट्रोल पम्प के प्रबंधकों के साथ बैठक कर पेट्रोल पम्पों में किये जाने वाले व्यय से संबंधित जानकारी जिला निर्वाचन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया तथा उन्हें निर्वाचन के दिन कर्मियों को अवकाश देने का भी निर्देश दिया गया।
इस बैठक में अपर समाहर्ता शैलेन्द्र कुमार लाल, स्वीप कोषांग की श्रीमती श्वेता कुमार, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी श्री पलटू महतो के अलावा होटल प्रबंधकों के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, ग्राम जागरूकता समूह के प्रतिनिधि उपस्थित थे।




