
Kolkata : अभिनेत्री और फिल्म निर्देशक अपर्णा सेन के खिलाफ कानूनी नोटिस जारी किया गया है. कलकत्ता हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता ने उन्हें यह नोटिस दिया है.
आरोप है कि एक सप्ताह पूर्व अपर्णा सेन ने सोशल साइट पर एक तस्वीर साझा की थी, इसमें पुलिसकर्मियों के हाथों में तख्ती नजर आ रही थी, जिस पर सीएए और एनआरसी के खिलाफ स्लोगन लिखे हुए थे.
तस्वीर के साथ उन्होंने कुछ लिखा नहीं था, लेकिन इससे जाहिर हो रहा था कि पुलिसकर्मी भी सीएए और एनआरसी का विरोध करने के लिए तख्तियां लेकर खड़े हैं. इसके बाद इस पर विवाद गहराया था.
इसे भी पढ़ें : कोलकाता : अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, 105 करोड़ की हेरोइन जब्त
असली तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गयी थी
जब फैक्ट चेक किया गया तो पता चला था कि अपर्णा सेन ने जो तस्वीर शेयर की थी, वह फर्जी थी. असली तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गयी थी. बता दें कि पुलिसकर्मियों पर अधिवक्ताओं द्वारा एक बार हमला किये जाने की खबर आयी थी. हमले के खिलाफ पुलिस मुख्यालय के बाहर कुछ पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शन किया था.
इसे भी पढ़ें : सुभाष चंद्र बोस जंयती: हेमंत ने की सार्वजनिक अवकाश की घोषणा, रघुवर ने किया था बंद
एनआरसी और सीएए के खिलाफ स्लोगन लिखे गये थे
उसी प्रदर्शन की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर तख्ती पर एनआरसी और सीएए के खिलाफ स्लोगन लिखे गये थे. उसको अपर्णा सेन ने साझा किया था. उन्हें इस मामले में कानूनी नोटिस दिया गया है.
इसमें पुलिसकर्मियों की छवि धूमिल करने और आईटी एक्ट के उल्लंघन का दावा किया गया है. अपर्णा सेन को इस मामले में माफी मांगने को कहा गया है ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है.
इसे भी पढ़ें : हावड़ा में तृणमूल नेता की गोली मारकर हत्या, सियासी रंजिश में हत्या का लगाया आरोप




