
Ranchi : झारखंड पुलिस ने कोचांग गैंगरेप के मास्टरमाइंड जॉन जुनास तिडू और बलराम समद को गिरफ्तार कर लिया है. इन दोनों पर खूंटी गैंगरेप और सांसद कडिया मुंडा के हाउस गार्ड को अगवा कर बंधक बनाने के आरोप हैं. पुलिस इन दोनों मोस्ट वांटेड अभियुक्तों को कई पुराने मामलों में भी तलाश कर रही थी. इनके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं. जॉन जुनास तिडू के खिलाफ 12 मामले और बलराम सामद के खिलाफ 8 मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया था. सभी टीमें जॉन जुनास तिडू और बलराम समद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक के निर्देश पर लगातार छापामारी कर रही थी. इसी कड़ी में प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों की गिरफ्तारी हो सकी.
इसे भी पढ़ें- जस्टिस अनिरुद्ध बोस को झारखंड हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश
जॉन जुनास तिडू की गिरफ्तारी बस स्टैंड, हाता चौक जमशेदपुर से की गयी
पुलिस ने बताया कि 22 जुलाई 2018 को जॉन जुनास तिडू की गिरफ्तारी बस स्टैंड, हाता चौक जमशेदपुर से की गयी. वहीं बलराम सामद की गिरफ्तारी खूंटी के एनएच 75 के पास जीवन टोला से की गयी. पुलिस ने बताया कि जॉन जुनास तिडू और बलराम सामद ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उन्होंने पीएलएफआई के बाजी समद उर्फ टकला और जुनास मुंडू को गैंगरेप की घटना के लिए उकसाया था. उसने खासतौर पर कहा था कि ये प्रशासन को हमारे बारे में सूचना दे सकते हैं, इसलिए इनकी बेईज्जती करना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें- सूखे की नहीं करें चिंता, फसल बीमा के प्रीमियम का भुगतान सरकार करेगी : रघुवर दास
पत्थलगड़ी के विकृत स्वरूप के बारे में जानकारी दी
पत्थलगड़ी के विकृत स्वरूप के बारे में पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि वे कृष्णा हांसदा और गुजरात में सतपति कल्ट संप्रदाय के लोगों की विचारधारा से प्रभावित होकर ऐसा कार्य कर रहे थे. दोनों अभियुक्तों ने एसी भारत सरकार कुटुम्ब परिवार काट्सवान, गुजरात जाने की बात भी स्वीकार की है. दोनों ने पत्थलगड़ी के विकृत स्वरूप को प्रसारित करने वालों की जानकारी दी है और गुजरात व दूसरे राज्यों के किन लोगों से प्रभावित हुए हैं, सबका खुलासा कर नाम भी बताये हैं. इसके पहले कोचांग गैंगरेप मामले में फादर अल्फोंस आईंद, एरिया कमांडर बाजी समद उर्फ टकला, जुनास मुंडू, अजूब सांडी पूति और आशीष लोंगा की गिरफ्तारी हो चुकी है. इनकी गिरफ्तारी में खूंटी पुलिस टीम के अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग राज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रनवीर सिंह, पुलिस निरीक्षक परमेश्वर प्रसार, जिला सशस्त्र बल के अवधेश कुमार और जमशेदपुर पुलिस टीम के अपर पुलिस अधीक्षक प्रणव आनंद झा, पोटका थाना के बीरेंद्र सिंह शामिल थे.
इसे भी पढ़ेंःफेक न्यूज पर लगाम लगाने की कोशिशः व्हाट्सऐप पर अब पांच बार ही फॉरवर्ड कर पायेंगे मैसेज
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




