JharkhandKhas-KhabarRanchi

जानें राज्य के वो चर्चित केस- जिसमें शामिल आरोपियों को CID ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

Ranchi: हाल के महीनों में सीआइडी ने कई चर्चित कांडों की जांच अपने हाथों में ली है. इन सभी कांडों की जांच चल रही है. इनमें से राज्य में कई ऐसे चर्चित मामले हैं जिनमें शामिल आरोपियों को सीआइडी ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. सीआइडी के एडीजी अनिल पाल्टा के नेतृत्व में झारखंड सीआइडी ने 32 से अधिक मामले का निष्पादन किया है. सीआइडी ने ज्यादातर ऐसे मामलों का निष्पादन किया है जो लंबे समय से लंबित पड़े हुए थे.

गुमला व पलामू में करोड़ों के गबन का खुलासा

गुमला व पलामू में करोड़ों के गबन मामले का सीआइडी ने खुलासा किया था. इस मामले में सीआइडी ने खुलासा करते हुए अभियुक्त साजन राज उर्फ मनीष जैन को गिरफ्तार किया था. सीआइडी की टीम ने 26 जुलाई को साजन उर्फ मनीष को बिहार के नालंदा जिले से गिरफ्तार किया था. गौरतलब है कि इस कांड में शामिल अभियुक्त गणेश लोहरा, पंकज तिग्गा, मो इकबाल अंसारी, मनीष पांडेय और राजकुमार तिवारी को सीआइडी पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी थी. इसी अपराधिक गिरोह के द्वारा पलामू एसबीआइ भू-अर्जन खाता से 12.60 करोड़ रुपये की अवैध निकासी साल 2018 में की गयी थी. सीआइडी ने बीते 13 मई को पलामू के विशेष भू-अर्जन उत्तरी कोयल परियोजना मेदनीनगर से 12.60 करोड़ के गबन और गुमला में समेकित जनजाति विकास अभिकरण के 9.05 करोड़ के गबन के मामले में जांच टेकओवर किया था.

इसे भी पढ़ें- देश में Covid-19 के 64,531 नये केस, कुल आंकड़ा 27 लाख के पार

शराब बरामद होने के केस में दो गिरफ्तार

रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित दावत रेस्टोरेंट के संचालक के फ्लैट से भारी मात्रा में शराब बरामद हुआ था. इस मामले में सीआइडी ने बीरेंद्र मिढा और सुनील मिढा को बीते 16 जुलाई को गिरफ्तार किया था. गौरतलब है कि 7 सितंबर 2017 को बरियातू थाना क्षेत्र स्थित दावत रेस्टोरेंट के संचालक के फ्लैट में पुलिस ने छापा मारा था. इस दौरान पुलिस ने 874 बोतल शराब बरामद किया था. इसको लेकर बरियातू थाना में कांड संख्या 265/17 के तहत मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद इस मामले को सीआइडी ने टेकओवर किया था. अभियुक्त के द्वारा अपने बचाव में दावत रेस्टोरेंट और फ्लैट नंबर 302 का लीज एग्रीमेंट तैयार कराया गया था जो सीआइडी के अनुसंधान के क्रम में फर्जी पाया गया था.

इसे भी पढ़ें- एमवी राव बने रहेंगे झारखंड के डीजीपी, SC ने खारिज की याचिका

झारखंड सहकारिता बैंक सरायकेला में हुए 38 करोड़ के घोटाले में 3 गिरफ्तार

झारखंड सहकारिता बैंक सरायकेला शाखा में हुए घोटोले में शामिल तीन लोगों को सीआइडी ने गिरफ्तार किया है. एसीबी और सीआइडी द्वारा 38 करोड़ घोटाले की जांच चल रही है. इसमें कई पदाधिकारियों को अभियुक्त भी बनाया गया है. कई की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. गिरफ्तार होने वालों में बैंक मैनेजर सुनील कुमार सत्पति, कर्मचारी मंशा राम महतो और मदन लाल प्रजापति शामिल हैं. सीआइडी की जांच जारी है, जबकि एसीबी की ओर से अभी तक बैंक मुख्यालय में जांच शुरू नहीं की गयी है.

इसे भी पढ़ें- सुशांत केस में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, CBI करेगी मामले की जांच

फर्जी गांजा तस्करी में चार गिरफ्तार

धनबाद में ईसीएल कर्मी को गांजा तस्कर बताकर जेल भेजने के मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है. इस मामले में सीआइडी ने पश्चिम बंगाल के कोयला तस्कर राजीव राय सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी लोगों को जेल भेजा जा चुका है. गांजा तस्करी के फर्जी मामले में निर्दोष ईसीएल कर्मी चिरंजीत घोष को धनबाद पुलिस ने जेल भेज दिया था. 20 मई को इस कांड की जांच का प्रभार सीआइडी ने अपने जिम्मे ले लिया था. मामले में धनबाद पुलिस अफसरों पर आरोप है कि उन्होंने किसी के कहने पर ईसीएल कर्मी को फर्जी मामले में फंसाया गया था.

5 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button