
Thiruvananthapuram: बाढ़ त्रासदी झेल चुके केरलवासियों पर एक और आफत टूट पड़ी है. बाढ़ के बाद राज्य बुरी तरह से बुखार की चपेट में हैं. राज्य के ज्यादातर हिस्सों से बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब वहां बुखार की परेशानी ने घर कर लिया है. लेप्टोस्पायरोसिस सहित अन्य बुखार के कारण 29 अगस्त से अब तक 12 लोग मारे गये हैं. स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के अनुसार, सोमवार को पलक्कड़ और कोझीकोड़ जिलों में लेप्टोस्पायरोसिस के कारण सोमवार को एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी.
रैट फीवर की चपेट में 71 लोग
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभन्न अस्पतालों में 71 लोग लेप्टोस्पायरोसिस (रैट फीवर) से ग्रस्त पाये गये हैं. रैट फीवर के खौफ को देखते हुए राज्य में तीन हफ्ते के लिए हाई अलर्ट लागू कर दिया गया है. वही 123 लोगों में इस बीमारी के लक्षण मिले हैं. उन्होंने बताया कि सोमवार को 13,800 से ज्यादा लोगों ने अस्पतालों में विभिन्न बुखारों के लिए अपना इलाज कराया. इनमें से डेंगू के 11 मामले निकले जबकि 21 संदिग्ध मामले थे.
ज्ञात हो कि कासरगोड जिले को छोड़कर बारिश और बाढ़ से राज्य के अन्य सभी 13 जिले प्रभावित हुए हैं. राज्य में लगभग 20 लाख लोग बाढ़ के पानी के संपर्क में आए हैं, जिस कारण से सरकार को इन लोगों से जरूरी उपचारात्मक कदम उठाने के लिए कहना पड़ा है.




