
Bengaluru: कर्नाटक के बागी विधायकों पर सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को अपना फैसला सुना सकता है. ये भी हो सकता है कि कांग्रेस-जेडीएस के बागी विधायकों की याचिका पर अदालत कर्नाटक के स्पीकर को कोई आदेश दे.
सुप्रीम कोर्ट का क्या होगा रुख
उल्लेखनीय है कि इस्तीफा देने वाले कांग्रेस और जेडीएस के 16 विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा इस्तीफा स्वीकार ना करने पर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था.
इसे भी पढ़ेंः140 दिन बाद पाक ने भारत के लिए खोला एयरस्पेस, बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद किया था बंद
हालांकि, इसमें से 10 विधायकों ने पहले और बाकी के बागी विधायकों ने बाद में अलग से याचिका दायर की थी. सीजेआई रंजन गोगोई की बेंच अब मंगलवार को इस पर फैसला सुनायेगी. इससे पहले अदालत ने स्पीकर को मंगलवार तक कोई भी फैसला लेने से इनकार किया था.
18 जुलाई को फ्लोर टेस्ट
कर्नाटक की कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन वाली सरकार 18 जुलाई को सदन में फ्लोर टेस्ट का सामना करेगी. कुमारस्वामी दावा कर रहे हैं कि उनकी सरकार ये अग्निपरीक्षा पार कर जायेगी. लेकिन आंकड़ों के केस में मामला उलझता जा रहा है.
गुरुवार को फ्लोर टेस्ट के दौरान अगर 16 बागी विधायक सरकार के खिलाफ वोटिंग करते हैं तो इस स्थिति में सरकार के पक्ष में 100 वोट पड़ेंगे.
ये संख्या बहुमत के लिए जरूरी 112 के आंकड़े से कम है. ऐसे में कुमारस्वामी सरकार सदन में फ्लोर टेस्ट में फेल हो जायेगी.
अगर बागी विधायक सदन से अनुपस्थित रहें.
इस स्थिति में विश्वासमत के समय, सदन में सदस्यों की संख्या 207 रह जायेगी. ऐसे में बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा 104 का हो जायेगा. लेकिन, बागियों की अनुपस्थिति में सरकार के पक्ष में केवल 100 वोट पड़ेंगे और सरकार गिर जाएगी.
इसे भी पढ़ेंःविधानसभा चुनाव : फार्मूले पर लड़ते हैं महागठबंधन के घटक दल, तो JMM और CONGRESS को छोड़नी होंगी 7-7 सीटें
तीसरे केस में अगर स्पीकर बागियों को अयोग्य ठहरा देते हैं तो भी सदन में विश्वासमत के वक्त सरकार को बहुमत के लिए 104 का संख्या बल चाहिए. और यह उसके पास नहीं होगा. ऐसे में भी सरकार गिर जायेगी.
4-5 दिनों में बनायेंगे सरकार- येदियुरप्पा
सत्ता में बने रहने के लिये जरूरी आंकड़ों को लेकर जहां कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन उलझन में है, वहीं भाजपा की कर्नाटक इकाई के प्रमुख बी एस येदियुरप्पा ने सोमवार को कहा कि उन्हें अगले चार-पांच दिन में सरकार बनाने का पूरा भरोसा है.
येदियुरप्पा ने संवाददाताओं से यहां कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि अगले तीन-चार दिन में भाजपा सरकार अस्तित्व में आ जाएगी. भाजपा कर्नाटक में श्रेष्ठ प्रशासन देगी.”
येदियुरप्पा ने दावा किया कि कुमार स्वामी गठबंधन सरकार को बचाने में नाकाम रहेंगे. पिछले साल ऐसी ही परिस्थितियों में इस्तीफा देने वाले येदियुरप्पा ने कहा, “कुमारस्वामी मुख्यमंत्री के पद पर नहीं रह पाएंगे. वह भी जानते हैं. मुझे लगता है कि वह एक अच्छे भाषण के बाद इस्तीफा दे देंगे.”
इसे भी पढ़ेंःविपक्षी गठबंधन घटक दलों ने जितनी सीटों पर दावा किया है, उस अनुसार 200 सीटें भी कम पड़ जायेंगीः प्रतुल




