
Ranchi : नियुक्ति नियमावली में पेंच की वजह से झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (जेयूटी) में नियुक्ति नहीं हो पा रही थी. उन दिक्कतों को दूर करने के लिए अब यहां घंटी आधारित शिक्षक रखे जायेंगे. इनकी नियुक्ति वॉक इन इंटरव्यू के आधार पर की जायेगी. इस बार सामान्य उम्मीदवारों के साथ-साथ सेवानिवृत शिक्षकों को भी रखने की तैयारी की जा रही है. साक्षात्कार के लिए शेड्यूल भी तय कर दिया गया है. साक्षात्कार के बाद संभावना है कि अगले माह तक यूनिवर्सिटी को 12 शिक्षक मिल जायें.
22 से 24 नवंबर तक चलेगा साक्षात्कार
यूनिवर्सिटी की ओर से तय शेड्यूल के अनुसार घंटी आधारित अनुबंध पर होने वाली नियुक्ति के लिए 22 से 24 नवंबर तक होने वाले वॉक इन इंटरव्यू लिया जायेगा. कुल 12 प्रोफेसर नियुक्त होंगे. इनमें नौ असिस्टेंट प्रोफेसर व तीन एसोसिएट प्रोफेसर होंगे. शिक्षकों को कम से कम 30 हजार रुपये और अधिक से अधिक 36 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिये जायेंगे.
असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए अभ्यर्थी की आयु 50 वर्ष से कम हो और सेवानिवृत्त शिक्षक की आयु 65 वर्ष से कम हो. एसोसिएट प्रोफेसर के लिए अभ्यर्थी की आयु 55 वर्ष से कम हो, जबकि सेवानिवृत्त शिक्षक की आयु 65 वर्ष से कम हो.
तीन विभाग में होगी नियुक्ति
विश्व विद्यालय द्वारा तीन विभाग में नियुक्ति की जायेगी. इसमें सिविल इंजीनियरिंग में एक एसोसिएट व तीन असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति की जायेगी. इनका स्पेशलाइजेशन इनवायरमेंटल इंजीनियरिंग होना चाहिए.
इसी प्रकार कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में एक एसोसिएट व तीन असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति की जायेगी. इनका स्पेशलाइजेशन डाटा साइंस में होना चाहिए. मैकेनिकल इंजीनियरिंग में एक एसोसिएट प्रोफेसर व तीन असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति की जायेगी. इनका स्पेशलाइजेशन प्रोजेक्ट इंजीनियरिंग का जरूरी है.
हर विभाग के लिए है इंटरव्यू शेड्यूल
असिस्टेंट व एसोसिएट प्रोफेसर की नियुक्ति यूजीसी के रेगुलेशन 2018 के आधार पर की जायेगी. प्रोफेसर के लिए न्यूनतम अर्हता पीएचडी अनिवार्य है. पांच वर्ष का शिक्षण अनुभव हो.
कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के लिए वॉक इन इंटरव्यू 22 नवंबर को दिन के 10 बजे से लिया जायेगा.
मैकेनिकल / इंडस्ट्रियल / प्रोडेक्शन इंजीनियरिंग के लिए वॉक इन इंटरव्यू 23 नवंबर 2021 के दिन के 10 बजे से लिया जायेगा.
सिविल / कैमिकल/ इनवायरमेंटल/ बायोटेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग के लिए वॉक इन इंटरव्यू 24 नवंबर 2021 को दिन के 10 बजे से लिया जायेगा.




