
Ranchi: महज 9 दिनों बाद ही पंचायत चुनाव में मतदान शुरू होने हैं. नामांकन का दौर जारी है. 14 मई से चार चरणों (19 मई, 24 मई और 27 मई को भी) में चुनाव होंगे. राज्य में तीसरी दफा होने वाले इस चुनाव में बैलेट पेपर के जरिये ही गांव की सरकार चुनी जाएगी. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में चार रंगों के बैलेट पेपर का इस्तेमाल होना है. चार रंगों के जरिये चार अलग-अलग पदों पर प्रतिनिधि निर्वाचित होने हैं. वोटर चार पदों वार्ड सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य के लिये वोट डालेंगे. बैलेट पेपर चार रंग के होंगे. वार्ड सदस्य के लिये सफेद, मुखिया के लिये गुलाबी, पंचायत समिति सदस्य के लिये हरा और जिला परिषद सदस्यों के लिये पीला.
इसे भी पढ़ें : BIG NEWS : जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण सिंह को पार्टी ने किया बाहर
किस पद के लिये किस रंग की होगी डिमांड
पंचायत चुनाव के जरिये कुल 63701 पदों पर प्रतिनिधि निर्वाचित होंगे. इनमें से सबसे अधिक संख्या वार्ड सदस्यों (53479) की है. इसके बाद पंचायत समिति सदस्य (5341), मुखिया (4345) और जिला परिषद सदस्य (536) चुने जायेंगे. ऐसे में सबसे अधिक सफेद मतपत्रों का प्रयोग चुनाव के दौरान होना है. इसके बाद हरा, फिर गुलाबी और सबसे कम पीले मतपत्र का उपयोग होगा. प्रत्येक मतपत्र और उसके प्रतिपर्ण (काउंटर फाइल) पर मतपत्र का नंबर अंकित रहेगा. प्रतिपर्ण पर वोटर के हस्ताक्षर या अंगूठा के निशान लिये जायेंगे.
मतपेटिकाओं का ये रहेगा इंतजाम
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक इस चुनाव में सभी जिलों के मतदान केंद्रों पर मतपेटिका का प्रयोग करते हुए वोटिंग कराये जाने हैं. इसके लिये हर मतदान केंद्र पर 2 बड़ी या 1 बड़ी और 2 मध्यम आकार की मतपेटिका का उपयोग होगा. 24 जिलों के लिये 98081 बड़ी मतपेटिकाओं का प्रयोग होगा. मध्यम आकार की 39928 मतपेटिकाओं का प्रयोग होगा. करीब 2 करोड़ वोटर (1 करोड़ 96 लाख 16 हजार 504 वोटर) अपने मताधिकारा का प्रयोग करेंगे. इनमें पुरुष वोटरों की संख्या 1 करोड़ 70 हजार 721 जबकि महिलाओं की 95 लाख 45 हजार 702 और अन्य की 81 है.




