
Jamshedpur: पंचायत चुनाव ने भाजपा की एका को तार-तार कर दिया है. चुनाव तक तो भीतर-भीतर आग सुलग रही थी, परिणाम के बाद आग की लपटों में भाजपा घिर गई है. घर बचाने की जद्दोजहद में कार्रवाई की तलवार म्यान से निकल गई है और पदाधिकारियों की बलि का सिलसिला शुरू हो गया है. जिला परिषद् चुनाव में मुसाबनी अंश -18 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी के विरोध में काम करते हुए विरोधी प्रत्याशी को समर्थन देना भाजयुमो के जादूगोड़ा के मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह एवं किसान मोर्चा के कोल्हान मीडिया प्रभारी रोहित सिंह परमार को भारी पड़ गया. प्रत्याशी रुपाली सेवईयां की शिकायत के बाद ग्रामीण जिलाध्यक्ष सौरव चक्रवर्ती के निर्देश पर आयोजित बैठक में पूरे मंडल के पदाधिकारियों संग रायशुमारी करने के बाद भाजपा के मंडल अध्यक्ष दिलीप पुराण ने भाजयुमो जादूगोड़ा के मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह को बर्खास्त करने का फरमान जारी कर दिया.
इसके साथ ही पार्टी के मीडिया प्रभारी रहे गौतम झा को भाजयुमो का नया मंडल अध्यक्ष घोषित किया गया है. उधर, किसान मोर्चा ने भी रोहित सिंह परमार को बाहर का रास्ता दिखाते हुए पद से बर्खास्त कर दिया है. इसकी पुष्टि मंडल अध्यक्ष दिलीप पुराण ने की है. खबरों के अनुसार मुसाबनी की पूर्व प्रमुख रही रुपाली सेवैयाँ को इस बार भारतीय जनता पार्टी ने अपना जिला परिषद् मुसाबनी अंश -18 से पार्टी समर्थित उमीदवार घोषित किया था और सभी मंडल और ग्रामीण जिला के नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी के समर्थन में कार्य करने का निर्देश दिया गया था. मगर प्रत्याशी का कहना है कि रोहित सिंह परमार और विक्रम सिंह ने मिलकर विरोधी प्रत्याशियों तक पार्टी की अंदरूनी रणनीति साझा की और उन्हें हराने का षड्यंत्र रचा. जिसके कारण मात्र 380 मतों के मामूली अंतर से उनकी हार हो गयी. इतना ही नहीं, मतगणना की समाप्ति के बाद दोनों नेता विरोधी प्रत्याशी के साथ जीत खुलेआम जीत का जश्न मनाने में व्यस्त हो गए और रुपाली सेवैयाँ की हार का मजाक उड़ाया.
जिलाध्यक्ष शिकायत के बाद हुए रेस
उन्होंने इस बात की शिकायत ग्रामीण जिलाध्यक्ष सौरव चक्रवर्ती से की. जिसके बाद तत्काल जिलाध्यक्ष ने जादूगोड़ा मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक बुला कर मामले की जांच एवं समीक्षा की और आरोप से संतुष्ट होने के बाद जादूगोड़ा मंडल अध्यक्ष को भाजयुमो के जादूगोड़ा मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह को पद से बर्खास्त करने एवं नया मंडल अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्देश दिया. मंडल अध्यक्ष दिलीप पुराण ने विक्रम सिंह को तत्काल प्रभाव से पद से बर्खास्त करते हुए पार्टी के मीडिया प्रभारी गौतम झा को मंडल अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की. इस समीक्षा बैठक में ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, रोहित राकेश सिंह मंडल उपाध्यक्ष वर्धमान गुप्ता समेत मंडल के सभी कार्यकर्त्ता उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें-Tata Steel के अर्बन सर्विसेज ने सैयद रजा अब्बास रिजवी को किया याद




