
Jamshedpur: टाटा स्टील के अर्बन सर्विसेज के सभागार में शुक्रवार को सैयद रजा अब्बास रिजवी (छब्बन) के निधन पर एक शोक सभा आयोजित की गई. सभा की अध्यक्षता टाटा स्टील के ट्राइबल कल्चर एवं अर्बन सर्विसेस के प्रमुख जीरेन जेवियर टोप्नो ने की. इस सभा में प्रो अहमद बद्र, बद्रे आलम खलिश, अनवर अदीब, प्रो गौहर अजीज, रिजवान औरंगाबादी, आमना बेगम तथा खेल जगत और शहर के कई साहित्यकार, शायर तथा बुद्धिजीवी सम्मिलित हुए.
सबने सैयद रजा अब्बास रिजवी को याद किया. प्रोफेसर अहमद बद्र ने कहा कि मदद मांगने वाले की सहायता तो बहुत लोग कर देते हैं लेकिन रिजवी साहब एक ऐसे इंसान थे जो बिना कहे भी हर किसी की सहायता करते थे. अनवर अदीब उनके जीवन भर के साथियों में से एक हैं. उन्होंने बताया कि मैं छब्बन साहब के साथ हर मौके पर रहा हूं. उनकी तमाम खूबियों को मैं जानता हूं. लेकिन बस इतना ही कहूंगा कि वे एक महान व्यक्ति थे. प्रो गौहर अजीज ने कहा कि रिजवी साहब एक ऐसे व्यक्ति थे जिनके व्यक्तित्व के कई पहलू थे. इनके अलावा रिजवान औरंगाबादी, बद्रे आलम खलिश तथा दूसरे कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए. सभा की अध्यक्षता करते हुए वीरेन जेवियर टोप्नो ने कहा कि छब्बन साहब को भुलाया नहीं जा सकता. यदि हो सका तो हम उनकी याद में साहित्य जगत में उनके नाम से एक अवार्ड देने का प्रयास करेंगे. मौके पर करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ मोहम्मद रेयाज का भेजा हुआ शोक संदेश भी पढ़ कर सभा को सुनाया गया. सभा के अंत में रिजवी साहब की याद में दो मिनट का मौन रखा गया.
ये भी पढ़ें- बेगूसराय में पत्रकार सुभाष कुमार की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस




