
कोडरमा: जिले के जयनगर प्रखण्ड के खरियोडीह पंचायत के गड़ीयाई बिरहोर टोला के रहने वाले 10 बच्चे पांच दिनों से लापता हैं। मामले को पहले तो पुलिस ने हल्के में लिया, पर जब लगा कि मामला गम्भीर है तो अब जांच में जुट गयी है। वहां के मुखिया राजेन्द्र यादव ने बताया कि गत 1 फरवरी की रात गड़ियार टोला के बिरहोर परसाबाद में किसी श्राद्धकर्म में भोज खाने हेतु गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो देखा कि बच्चे साथ नहीं थे। जिसके बाद अगले दिन उन्होंने इसकी सूचना मुखिया को दी। उन्होंने बिना विलंब के इसकी सूचना जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को दी।

बताते हैं कि इस सूचना के बाद भी जयनगर पुलिस ने किसी भी प्रकार की गंभीरता नहीं दिखाई और उल्टा मुखिया को ही बच्चे को खोजने की बात कही। जिसके बाद राजेन्द्र यादव अपने स्तर से बच्चे को ढूंढने का प्रयास करने लगे। लेकिन जब बच्चों का कहीं कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने इसकी सूचना जयनगर के बीडीओ गौतम कुमार और सीओ सारांश जैन को दी। सीओ ने अपने वरीय पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
सूचना प्राप्त होने पर प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार व चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार गांव पहुंचे और लापता बच्चों के परिजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस द्वारा अब आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की खोजबीन भी शुरू कर दी गई है। इधर मामले में पूछने पर प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि बिरहोर टोला के कुछ बच्चे लापता हो गए हैं।

परिजनों से पूछताछ करने पर मालूम हुआ है कि वे श्राद्ध का भोज खाने 1 फरवरी को परसाबाद गए हुए थे और घर वापस जाने के क्रम में लापता हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की तलाश की जा रही है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार ये लोग परसाबाद से ट्रेन पकड़कर यदुडीह हॉल्ट उतरकर अपने घर आना-जाना करते हैं। संदेह है कि बच्चों द्वारा उल्टे रूट की ट्रेन पकड़ ली गई होगी और वे धनबाद की ओर चले गए होंगे। परसाबाद के दोनों ओर स्थित स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज मंगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी बच्चों को ढूंढ लिया जाएगा। लापता बच्चों की उम्र 6 से 12 साल के बीच बतायी जा रही है।




