
Ranchi: झारखंड विधानसभा बजट सत्र के दौरान बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हजारीबाग विधायक मनीष जयसवाल ने सूचना के तहत राज्य में रामनवमी और सरहुल का जुलूस निकालने की अनुमति देने की मांग की. उन्होंने कहा कि इसको लेकर कई बार विधानसभा में भी मामला उठाया गया. मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों से मिलकर जुलूस निकलने देने का आदेश देने का आग्रह किया गया. इसके बाद भी सरकार ने अबतक कोई फैसला नहीं ली है.
जवाब में संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि यह सच है कि मनीष जयसवाल ने उनसे मिलकर आवेदन दिया है. सरकार सभी धर्मों की भावना का ख्याल रखेगी और इस मुद्दे पर भी सरकार के स्तर पर विचार हो रहा है. कहा कि कोई अप्रिय घटना नहीं हो, विधि व्यवस्था की समस्या नहीं बने सहित अन्य पहलुओं पर विचार कर सरकार निर्णय लेगी. जब मंत्री जवाब दे रहे थे उस समय मंत्री के जवाब से नाराज भाजपा विधायकों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया. विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि अगर यही सवाल का जवाब है तो सवाल करने का क्या मतलब है. कहा कि सरकार हिन्दू विरोधी है और तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है. भाजपा विधायकों के हंगामा से नाराज स्पीकर ने कहा कि यह परंपरा सही नहीं है. जब मंत्री जवाब देने के लिए उठते हैं तो आपलोग सदन में हाथ घुमाने लगते हैं. ऐसा नहीं होता है. सदन में विषय समाधान के लिए आता है, हंगामा करने के लिए नहीं.




