
Divya
Bokaro : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने मंगलवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास की सरकार को चूहों की सरकार करार दिया. सोरेन अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बोकारो से बदलाव यात्रा भाग-दो शुरू करते हुए पार्टी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा, “झारखंड मुक्ति मोर्चा इन चूहों (भाजपा मंत्रियों) को चूहे दानी में पकड़ कर गंगा नदी (झारखंड के बाहर) के उस पार ले जाकर छोड़ेगी. इन लोगों को झारखंड को लूटने नहीं देंगे. बीजेपी सरकार ने जमकर घोटाला किया और अब बचने के लिए चूहे (गिरिडीह में कोनार नहर टूटने का कारण सरकार ने चूहा बताया था), भैंस और बिच्छू जैसे बहाने बना रहे हैं.”
इसे भी पढ़ें : #BSNL के दैनिक वेतन भोगी मजदूर गये हड़ताल पर, कार्यालय के समीप प्रदर्शन कर किया हंगामा
500 करोड़ की जमीन खरीदी के आरोप का दिया जवाब
हेमंत सोरेन ने अपने ऊपर मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा लगाये गये आरोप कि उन्होंने 500 करोड़ रुपये की जमीन संथाल परगना में खरीदी है, को अनर्गल बताया. सोरेन ने कहा कि “सीएम के ऐसे बयान आसमान की ओर मुंह करके थूकने जैसे हैं. अगर मैंने ऐसा कृत्य किया होता तो मुझे जेल भेज दिया जाता या फांसी दे दी जाती. इस तरह का बयान मुख्यमंत्री के मुंह से अच्छा नहीं लगता.”
हेमंत सोरेन ने भाजपा सरकार की हर योजना में कमियां गिनायीं. उन्होंने कहा, “राज्य सूखे का सामना कर रहा है, लेकिन रघुवर सरकार कुछ नहीं कर रही. फसलों की बीमा योजना एक घोटाला ही है. बीजेपी द्वारा दिया गया इंदिरा आवास इतना छोटा है कि संयुक्त परिवार अच्छे से रह नहीं सकता. फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं, बेरोजगारी अपने चरम पर है. शराब की दुकानों की संख्या स्कूलों से अधिक है.”
कांग्रेस, झाविमो, राजद व अन्य के साथ मिलकर चुनाव लड़ने को तैयार जेएमएम
उन्होंने कहा कि झामुमो अपने गठबंधन सहयोगियों कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल और अन्य के साथ सभी 81 सीटों पर मजबूती से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार है. यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस यूपीए के चेहरे को लेकर उनके पक्ष में नहीं है, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं. इस पर महागठबंधन की बैठक में नेताओं के साथ चर्चा होगी.
उन्होंने यह भी कहा कि “बीजेपी के बड़े-बड़े नेता जो चुनाव प्रचार करने आ रहे हैं, वे यहां के निवासियों को लुभाने और वोट बटोरने में हमारी पार्टी के छोटे-छोटे नेताओं के सामने बेकार साबित होंगे.”
इसे भी पढ़ें : गौ हत्या के पाप से प्रायश्चित के लिए गंगा स्नान करें रघुवर : केएन त्रिपाठी
घोटालों के नाम पर बजी तालियां
सोरेन ने कई सारे घोटालों के नाम गिनाये जिस पर लोगों ने खूब तालियां बजायीं. उन्होंने “कंबल विकास घोटाला, झारखंड मोमेंटम घोटाला, 108 एम्बुलेंस खरीद घोटाला, दवा घोटाला, आईपीआरडी घोटाला, शिक्षा विभाग में भर्ती घोटाला, ऊर्जा विभाग में टीडीएस घोटाला, शराब बिक्री घोटाला जैसे नाम गिनाये. उन्होंने समारोह में लोगों से घोटाले वाली भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की.
उन्होंने कहा, “आप सोचें कि कैसे 2014 में 50 करोड़ रुपये की भारतीय जनता पार्टी ने 2019 में अपना पैसा 1000 करोड़ रुपये तक बढ़ाया है. भाजपा को यह पैसा कहां से मिल रहा है? ये पैसा बीजेपी को कौन दे रहा है? हर कोई जवाब जानना चाहता है.”
सरकार बनी तो बनायेंगे किसान बैंक
सोरेन ने कहा, अगर मेरी सरकार आती है तो हम स्थानीय निवासियों के हित के लिए लड़ेंगे. 25 करोड़ रुपये और उससे कम की परियोजना केवल स्थानीय निवासियों को आवंटित की जायेगी. हम गांवों में किसान बैंक स्थापित करेंगे जहां ग्रामीणों को अपने खाद्यान्न, सब्जियां आदि बेचने पर उचित मूल्य दिया जायेगा.
समारोह में डुमरी विधायक जगरनाथ महतो, गोमिया विधायक बबीता देवी, जिलाध्यक्ष हीरालाल मांझी और नगर अध्यक्ष मंटू यादव मौजूद थे. इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने झामुमो की सदस्यता ली. यह सभा उकरिद में हो रही थी. यह पूछने पर कि बोकारो विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में जायेगी या झामुमो के, उन्होंने हंस कर टाल दिया.
इसे भी पढ़ें : पलामू : CSP संचालक ने अपने ही दस फिंगर प्रिंट्स से हजारों खाते खोल लाखों हड़पे, भागते हुए पकड़ाया




