
Deepak
Ranchi : झारखंड की 14 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस, झामुमो, राजद, झाविमो के महागंठबंधन की रूप-रेखा तय होने के बाद कांग्रेस ने पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है. दो सीटें स्टैंडबाई के रूप में रखी गयी हैं. जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव 2014 में कांग्रेस के छह उम्मीदवार दूसरे नंबर पर थे. इसमें रांची, लोहरदगा, हजारीबाग, गोड्डा, धनबाद और चतरा की सीटें शामिल थी. कमोबेश यही लाइन लेंथ पर कांग्रेस ने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है. पार्टी सूत्रों के अनुसार रांची, लोहरदगा, खूंटी, चाईबासा और धनबाद सीट के लिए उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मूहर लग गयी है.
इसे भी पढ़ें- प्रियंका गांधी ने प्रयागराज के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की, नाव पर चर्चा करेंगी, जनता से रूबरू…
कहां से कौन होंगे उम्मीदवार
- 2014 में रांची से सुबोधकांत सहाय दूसरे स्थान पर थे. 2019 में पार्टी सुबोधकांत पर दांव खेलने जा रही है.
- वहीं दूसरी ओर चाईबासा से कांग्रेस में शामिल हुई गीता कोड़ा को उम्मीदवार बनाया जायेगा. 2014 में गीता कोड़ा दूसरे स्थान पर थी.
- खूंटी सीट से इस बार प्रदीप बलमुचू के नाम पर अंतिम मूहर लगा दी गयी है. 2014 में खूंटी सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी कालीचरण मुंडा 1.25 लाख से कुछ अधिक वोट ला पाये थे. यहां पर मुंडा और हो वोटरों की संख्या अधिक है.
- लोहरदगा से भी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत का पलड़ा भारी है. पार्टी आलाकमान भी इन पर ही अपना दांव खेल रही है. लोहरदगा सीट पर 2014 में दूसरे नंबर पर रहे रामेश्वर उरांव की उम्र अधिक होने की वजह से उनका टिकट इस बार कटेगा.
- धनबाद सीट से भी पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे अजय दुबे का टिकट कट गया है. यहां से राज्य के पूर्व मंत्री रहे राजेंद्र सिंह को टिकट दिया जायेगा.
- हजारीबाग और पलामू की सीट को रिजर्व रखा गया है. हजारीबाग से गोपाल साहू को उम्मीदवार बनाया जायेगा. यहां पर महागंठबंधन के तौर पर वाम दलों से यह कहा गया है कि वे एकजुटता प्रदर्शित कर सर्वसम्मति से किसी एक नेता के नाम का प्रस्ताव दें. पर यहां से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के भुवनेश्वर मेहता चुनाव लड़ने के लिए ललायित दिख रहे हैं. ऐसी स्थिति में कांग्रेस गोपाल साहू को अपना प्रत्याशी बनायेगी. कमोबेश यही स्थिति पलामू की भी है. यहां पर यदि गंठबंधन के तहत राजद के प्रत्याशी का नाम तय हो जाता है, तो कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं देगी.
इसे भी पढ़ें- सट्टा बाजार : एयर स्ट्राइक के बाद जनता का मूड बदला, भाजपा 250, एनडीए को 300 सीटें
2014 में कांग्रेस की स्थिति
- लोकसभा सीट कांग्रेस के प्रत्याशी कितने वोट से हारे
रांची संसदीय सीट सुबोध कांत सहाय 199,303
लोहरदगा सीट रामेश्वर उरांव 6489
धनबाद अजय कु. दुबे 292,954
गोड्डा फुरकान अंसारी 60682
चतरा धीरज साहू 178,026
हजारीबाग सौरभ नारायण सिंह 159,128




