
Jharia: झरिया के लक्ष्मनिया मोड़ से बाटा मोड़ तक प्रशासन के द्वारा चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में रविवार को व्यवसायियों ने मशाल जुलूस निकाला. आपको बता दें कि शनिवार को झरिया के लक्ष्मीनिया मोड़ से बाटा मोड़ तक प्रशासन के द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाना शुरू किया था. तब अतिक्रमण के दायरे में आने वाले दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया. भारी विरोध को देखते हुए झरिया सीओ ने अतिक्रमण किये हुए दुकानदारों को 2 दिन की मोहलत दी. लेकिन, इस मोहलत से दुकानदार खुश नहीं हैं. मोहलत खत्म हो जाने के बाद फिर से प्रशासन की कार्रवाई शुरू हो जाएगी. इसी के विरोध में व्यवसायियों ने रविवार को मशाल जुलूस निकाला. मशाल जुलूस में शामिल व्यवसायियों ने बताया कि प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में यह आंदोलन जारी रहेगा. सोमवार को विरोध में तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी. यह तिरंगा यात्रा उपायुक्त कार्यालय तक जाएगा. इस दौरान उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा जाएगा.
प्रभावित दुकानदारों बताया कि सालों से बाटा मोड़ से लक्ष्मीनिया मोड़ अपनी दुकानें लगा रहे हैं, अगर कार्रवाई हुई तो सभी दुकानदार कहां जाएंगे, इस अतिक्रमण की कार्रवाई से भूखे मरने की नौबत आ जाएगी. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने का फैसला गलत है, जिसका सभी दुकानदार पुरजोर विरोध करेगा.




