Crime NewsJamshedpurJharkhand

Jamshedpur: नये सिटी एसपी के लिए हत्या के अनसुलझे मामलों को सुलझाना बड़ी चुनौती, इन मामलों में पुल‍िस के हाथ खाली

Jamshedpur: जमशेदपुर के नए स‍िटी एसपी के. विजय शंकर के लिए शहर में क्राइम कंट्रोल करना आसान नहीं होगा. उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती हत्या के अनसुलझे मामलों को सुलझाने की होगी. जिले में हाल ही में ऐसी कई हत्या के मामले सामने आए हैं जिनपर पुलिस छह माह से काम कर रही है पर परिणाम शून्य है. संदिग्ध मौत मामलों में जिला पुलिस अपने हाथ खड़ी कर देती है. जुगसलाई से लापता युवती और टेल्को से लापता युवक की हत्या के मामले में पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, ना ही हत्या मामले में किसी प्रकार का सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं. मानगो कुमरुम बस्ती के नाबालिग के हत्यारे का पता भी नहीं लगा है.
बड़ाबांकी के जंगल में मिला था टेल्को से लापता युवक का शव
10 नवंबर से लापता टेल्को तार कंपनी के पास रहनेवाले युवक संजय डे (26) का शव 12 दिनों बाद 22 नवंबर को एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी जंगल में मिला था. उसकी हत्या कर शव को फेंका गया था. शरीर पर चोट के निशान भी साफ देखे जा सकते थे. परिजनों ने न्याय के लिए टेल्को थाना और फिर एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया था. लेकिन पुलिस अब तक संजय डे के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है.
जुगसलाई से लापता युवती की नदी में मिली थी लाश, पुलिस ने बताया था किन्नर
19 सितंबर से लापता जुगसलाई की युवती अर्चना दूबे का शव 21 सितंबर को सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु सुवर्णरेखा नदी में मिला था. पुलिस ने शव किन्नर का बताते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया था. थाना में अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया गया था. बाद में परिजनों ने उसकी पहचान उसकी जेब से मिले एटीएम कार्ड के आधार पर की थी. परिजनों ने बागबेड़ा में रहनेवाले उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया था. परिजनों ने एसएसपी से मामले की शिकायत भी की थी. लेकिन पुलिस अब तक अर्चना के हत्यारों का पता नहीं लगा पाई है.
घर से 500 मीटर दूर पहाड़ पर मिला था बच्चे का शव
मानगो कुमरुम बस्ती में रहने वाले सुजीत गोराई (11) की हत्या घर से कुछ दूर पर पहाड़ पर हुई थी. नाबालिग 9 सितंबर से लापता था. तीन दिनों बाद उसका शव पहाड़ पर मिला था. पत्थर से कूचकर उसकी हत्या की गई थी. 6 माह बाद भी पुलिस हत्यारे को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. बस्ती के ही एक विक्षिप्त युवक पर पुलिस ने हत्या का शक जताया. उससे पूछताछ भी की, लेकिन सफलता पुलिस को नहीं मिली.

पुराने पेंडिंग मामलों में जांच की जा रही है. इसके बाद ही उन्हें जानकारी मिल पाएगी. पूरी तरह मामले को जानने के बाद ही उस पर कार्रवाई कर हत्यारों को पकड़ा जाएगा.
– के. विजय शंकर, एसपी सिटी

Related Articles

Back to top button