Uncategorized

2019 से सभी घरों में 24 घंटे मिलेगी बिजली : रघुवर दास

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्‍य की जनता से 2019 तक राज्‍य के हर घर में सप्‍ताह के सात दिन चौबीसों घंटे बिजली उपलब्‍ध कराने का वादा किया है। मुख्यमंत्री बुधवार को प्रोजेक्ट भवन के सभा कक्ष में एन.टी.पी.सी. और झारखण्ड सरकार के बीच ज्वाइंट वेंचर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने के अवसर पर अपने विचार व्‍यक्‍त कर रहे थे। आगे उन्‍होंने कहा कि झारखंड को पावर हब बनाना ही पूर्व राष्ट्रपति डॉ ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इधर, झारखण्ड सरकार की ओर से ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव एस.के.जी. रहाटे और एन.टी.पी.सी. की ओर से वित्‍त निदेशक आई.जी. कपूर ने एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए।
यह समझौता पतरातु थरमल पावर स्टेशन के विस्तार और उत्पादन क्षमता को बढ़ाने के लिए किया गया है।

इस मौके पर मुख्‍यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए ऊर्जा ही ऑक्सीजन है। देश की आर्थिक समृद्धि के लिए जिस प्रकार से हरित क्रांति-नीली क्रांति और श्वेत क्रांति के कार्यक्रम शुरू किए गए उसी प्रकार से शक्ति-क्रांति भी आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि झारखण्ड की बिजली से पूरे देश में उजाला फैल सकता है।

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आज वर्ष 2009 के उनके सपने की दूसरी कड़ी पूरी हो रही है। उन्होंने निर्धारित समयावधि के दौरान समझौता ज्ञापन के उपरांत ज्वाइंट वेंचर कंपनी के गठन के लिए ऊर्जा विभाग एवं एन.टी.पी.सी. की टीम को धन्यवाद दिया और कहा कि समय सीमा में काम पूरा कर पदाधिकारियों ने जवाबदेह प्रशासन का उदहारण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की सवा तीन करोड़ जनता के सहयोग और पदाधिकारियों की टीमवर्क से अगले पांच वर्ष में झारखंड समृद्ध प्रदेशों की श्रेणी में होगा। प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों एवं प्रदेश के लोगों की मेहनत से झारखंड में देश ही नहीं बल्कि दुनिया के समृद्ध राज्य बनने की क्षमता है।

मुख्य सचिव राजीव गौबा ने कहा कि राज्य की ऊर्जा क्षमता को वास्तविकता में बदलना है। इसके लिए तिलैया देवघर में मेगा पावर प्लांट के काम में तेजी लायी जा रही है। एन.टी.पी.सी. के सी.एम.डी. डॉ अरूप राय चौधरी ने समयबद्ध कार्य के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया और कहा कि इस एग्रीमेंट से नए पतरातू के निर्माण को आधार मिला है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार वर्णवाल, जे.यू.एस.एन.एल के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार, मेकॉन के सी.एम.डी. ए.के. त्यागी, एचईसी के सी.एम.डी. अभिजीत घोष सहित बड़ी संख्या में एन.टी.पी.सी., ऊर्जा विभाग एवं राज्‍य में स्थित लोक उपक्रमों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button