Srinagar : जम्मू-कश्मीर में सरकारी कर्मचारियों को तुरंत काम पर लौटने का आदेश दिया गया है. खबरों के अनुसार आर्टिकल 370 के तहत जम्मू-कश्मीर को मिले विशेषाधिकारों के खत्म होने के दो दिन बाद यहां जनजीवन सामान्य होने लगा है. इस क्रम में गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव ने सरकारी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से काम पर वापस लौटने का निर्देश दिया है. इसके अलावा सांबा जिले में नौ अगस्त से सभी स्कूल पहले की तरह खुलेंगे.
बुधवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव ने आदेश जारी कर कहा, डिविजनल लेवल, डिस्ट्रिक्ट लेवल और श्रीनगर स्थित सिविल सेक्रटेरियट में काम करने वाले सभी कर्मचारी तत्काल प्रभाव से काम पर लौट जायें. इसके साथ ही प्रशासन को निर्देश दिये गये हैं कि ड्यूटी पर आने वाले सभी कर्मियों की सुरक्षा और कामकाज के शांतिपूर्ण माहौल को हर हाल में सुनिश्चित की जाये. सरकार के इस फैसले से उम्मीद है कि राज्य में जनजीवन सामान्य होगा.
स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का आदेश दिया गया था
जान लें कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने बयान जारी कर कहा, सांबा जिला प्रशासन ने फैसला लिया है कि सभी शिक्षण संस्थान, फिर चाहे वे सरकारी हों या प्राइवेट नौ अगस्त से विधिवत खुलेंगे और पहले की तरह ही वहां कामकाज होगा. सरकार ने ऐहतियातन स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का फैसला लिया था,. बता दें कि पांच अगस्त को आर्टिकल 370 से संबंधित प्रस्ताव राज्यसभा में पेश किये जाने से पहले ही पूरे जम्मू-कश्मीर में भारी सुरक्षाबल की तैनाती कर दी गयी थी. चार अगस्त से राज्य में इंटरनेट और स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का आदेश दे दिया गया था.
राज्यपाल ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की
जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने गुरुवार को प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति और आम लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था का जायजा लिया. सरकारी प्रवक्ता के अनुसार एक बैठक में मलिक ने लोगों के जुमे की नमाज अदा करने और अगले सप्ताह ईद-उल-अजहा मनाने के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा की. राज्यपाल ने कहा कि कश्मीर घाटी में विभिन्न स्थानों पर मंडी स्थापित की जायेगी ताकि लोग ईद के मौके पर पशु खरीद सके. राज्यपाल के दो सलाहकार के. विजय कुमार और के. स्कंदन के अलावा मुख्य सचिव बीवीआर. सुब्रह्मण्यम इस बैठक में मौजूद थे.




