Uncategorized

रक्षा तैयारियां सर्वोत्कृष्ट होनी चाहिए : जेटली

चल्लाकेरे (कर्नाटक): देश के समक्ष सुरक्षा खतरों के मद्देनजर केंद्रीय रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने देश को सुरक्षित रखने के लिए रविवार को देश की सेनाओं को सर्वोत्कृष्ट रक्षा तैयारियों के लिए कहा है। ड्रोन एवं अन्य हथियारों के परीक्षण के लिए तैयार देश के पहले एयरोनॉटिकल टेस्ट रेंज (एटीआर) का उद्घाटन करते हुए जेटली ने कहा, “भौगोलिक दृष्टि से जोखिम भरे क्षेत्र में स्थित हमारे देश की सुरक्षा के लिए हमारी रक्षा तैयारियां हमेशा सर्वोत्कृष्ट स्तर की होनी चाहिए।”

जेटली ने कहा कि भारत का एक पड़ोसी शत्रु देश करीब बीते सात दशकों से सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है।

जेटली ने रक्षा तैयारियों के सर्वोत्कृष्ट स्तर पर बनाए रखना सुनिश्चित करने के लिए रक्षा उपकरणों के मामले में स्वदेशीकरण पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा, “रक्षा तैयारियों को सर्वोत्कृष्ट स्तर पर बनाए रखने के लिए हमें आयात करने की बजाय देश में ही रक्षा उपकरणों के उत्पादन के लिए बड़े संस्थान होने चाहिए।”

आयातित हथियारों पर लगातार बढ़ रहे खर्चे को स्वीकार करते हुए जेटली ने हैरानी जताई कि देश में पैदा होने वाली प्रखर प्रतिभाओं को रक्षा उपकरणों के मामले में देश को आत्मनिर्भर क्यों नहीं बनाना चाहिए, जबकि उनकी विकसित प्रौद्योगिकी पूरी दुनिया में राज कर रही है।

जेटली ने कहा, “रक्षा बजट का एक बड़ा हिस्सा हथियारों को देश में निर्मित करने की बजाय उनके आयात पर खर्च होता है, जबकि देश की प्रखर प्रतिभाओं द्वारा विकसित प्रौद्योगिकी का पूरी दुनिया में बोलबाला है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button