
Agartala : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विपक्ष पर यह कहते हुए पलटवार किया कि ‘महामिलावट वालों’ का मुख्य काम उनका मजाक उड़ाना है और ऐसा लगता है कि सभी उन्हें गालियां देने के ओलंपिक में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं.
मोदी ने एक बार फिर विपक्ष को ‘महामिलावट’ बताते हुए आरोप लगाया कि उसके नेता सिर्फ ‘‘फोटो के लिए दिल्ली और कोलकाता में एक दूसरे के हाथ पकड़ते हैं.’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘महामिलावट वालों का काम बस मोदी को गालियां देना है. ऐसा लगता है कि मोदी को गालियां देने का ओलंपिक चल रहा है.’’मोदी ने कहा, ‘‘आगामी लोकसभा चुनाव के नतीजे बताएंगे कि लोगों से झूठ बोलने का मतलब क्या होता है.’’प्रधानमंत्री ने वाम मोर्चा का नाम लिए बगैर उसपर हमला किया और कहा कि वे जब राज्य में सत्ता में थे तो उन्होंने असंगठित क्षेत्र या किसानों के लिए कुछ करने में कोई रूचि नहीं दिखाई.
उन्होंने कहा, ‘‘अब, पहली बार त्रिपुरा में भाजपा सरकार के तहत धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है. इसके अलावा, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू किया गया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘जिस त्रिपुरा राज्य को जलसीमा विहीन क्षेत्र के नाम पर विकास से वंचित किया गया था, उसे दक्षिण पूर्व एशिया का अब प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है.’’




