
New Delhi: शेयर बाजार में आज चार कंपनियों के आईपीओ की लिस्टिंग मिली-जुली रही. इन कंपनियों में देवयानी इंटरनेशनल की लिस्टिंग शानदार रही. इसने अपने निवेशकों को लिस्टिंग के दिन ही 56 फीसदी का रिटर्न दिया है. यानी जिसने भी इसके आईपीओ में 1 लाख रुपये लगाए होंगे, उसके पैसे लिस्टिंग के दिन ही डेढ़ लाख से भी अधिक हो गए हैं. जबकि अन्य तीन कंपनियों कृष्णा डायग्नोस्टिक्स, एग्जारो टाइल्स और विंडलास बायोटेक का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand News: हाईकोर्ट का हेमंत सोरेन को SC-ST मामले में नोटिस
बीएसई सेंसेक्स आज 42 अंक की तेजी के साथ 55,479.74 पर खुला और थोड़ी ही देर में लाल निशान में चला गया. सुबह 9.16 बजे के आसपास सेंसेक्स 105 अंक टूटकर 55,332.57 पर पहुंच गया.
दूसरी तरफ, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 11 अंक टूटकर 16,518.40 पर खुला. हालांकि बाद में निफ्टी फिर हरे निशान में आ गया. इसमें उतार-चढ़ाव जारी है.
शुरुआती कारोबार में 1011 शेयरों में तेजी और 1107 शेयरों में गिरावट आई है. हफ्ते के पहले दिन बाजार के लिए ग्लोबल संकेत मिले-जुले नजर आए. एशिया में NIKKEI की कमजोर शुरुआत हुई है. SGX NIFTY में फ्लैट कारोबार हो रहा है. DOW FUTURES भी चौथाई परसेंट नीचे है. हालांकि DOW और S&P 500 शुक्रवार को रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए थे.
कौन सा शेयर कितने प्रीमयम पर हुआ लिस्ट?
- देवयानी इंटरनेशनल का आईपीओ 56 फीसदी यानी 50.90 रुपये के प्रीमियम पर लिस्ट हुआ. इसी के साथ ये शेयर 140.90 रुपये के स्तर पर पहुंच गया.
- कृष्णा डायग्नोस्टिक्स का आईपीओ 40 फीसदी यानी 51.55 रुपये के प्रीमियम पर लिस्ट हुआ. इसी के साथ ये शेयर 1005.55 रुपये के स्तर पर पहुंच गया.
- एग्जारो टाइल्स का आईपीओ 5 फीसदी यानी 6 रुपये के प्रीमियम पर लिस्ट हुआ. इसी के साथ ये शेयर 126 रुपये के स्तर पर पहुंच गया.
- वहीं विंडलास बायटेक का आईपीओ 5 फीसदी यानी 23 रुपये के नुकसान पर लिस्ट हुआ है. इस तरह शेयर की कीमत घटकर 437 रुपये रह गई है.




