
Ranchi: इंस्पेक्टर गणेश सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। गणेश सिंह झारखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता के एनजीओ प्रभारी रह चुके हैं। एसीबी में पदस्थापित गणेश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि गणेश सिंह का हजारीबाग एसीबी कार्यालय में तबादला किया गया था, हालांकि उन्होंने योगदान नहीं दिया. जिस वजह से उनके ऊपर यह कार्रवाई की गई।
आपको बता दें कि पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के तत्कालीन गोपनीय शाखा के प्रभारी रहे इंस्पेक्टर गणेश सिंह के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने प्रारंभिक रिपोर्ट (आईआर) दर्ज कर ली है। तीन महीने के भीतर आईआर जांच करनी है। आईआर रिपोर्ट में भ्रष्टाचार की पुष्टि के बाद सरकार से अनुमति के बाद एसीबी इस पूरे मामले में प्रारंभिक जांच (पीई) दर्ज करेगी।
पुलिस मुख्यालय की एनजीओ शाखा डीजीपी की गोपनीय कोषांग होती है। इंस्पेक्टर गणेश सिंह पर आरोप है कि उन्होंने विभिन्न फाइलों के निष्पादन के बदले में अवैध वसूली की। एसीबी में शिकायतकर्ता का आरोप है कि इंस्पेक्टर गणेश सिंह ने पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के कार्यकाल में खूब अवैध वसूली की और उक्त वसूली से बड़ी संख्या में चल-अचल संपत्ति अर्जित की है।




