Crime NewsHazaribaghJharkhandLead NewsTOP SLIDER

हजारीबाग: पुरातत्व विभाग की खुदाई में मिली भगवान बुद्ध की दो मूर्तियां चोरी, कीमत करोड़ों में

Hazaribag: जिले के सदर प्रखंड में बहोरनपुर में चल रही पुरातात्विक खुदाई में प्राप्त भगवान बुद्ध की दो बेशकीमती प्रतिमा चोरी हो गयी. रविवार को खुदाई के लिए पहुंचे पुरातात्विक विभाग की टीम को मूर्तियां गायब मिली. तत्काल इस मामले की जानकारी पुलिस और संरक्षण समिति को दी गयी है. घटना की जानकारी बाहर आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गयी. मौके पर एसडीपीओ, बीडीओ, थाना प्रभारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे घटनास्थल का निरीक्षण किया. खुदाई स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की बात प्रशासन कहता रहा है लेकिन प्रतिमा की चोरी ने पुलिस के सुरक्षा के दावे की पोल खोल दी.

स्थानीय मुखिया महेश तिग्गा ने बताया कि भगवान बुद्ध की दो बेशकीमती प्रतिमाएं चोरी हुई हैं. खुदाई में जहां मुख्य प्रतिमाओं रखी गयी थी उसी के बगल से चोरों ने घटना को अंजाम दिया है. दोनों प्रतिमा करीब डेढ़-डेढ़ फीट ऊंची और एक फीट व्यास की थी. बताते चले कि एक माह पूर्व संरक्षण समिति ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की मांग की थी. जिसके बाद पुलिस बल दिन में उपलब्ध कराए गए थे. परंतु रात के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गयी थी.

विधायक मनीष जायसवाल ने खुदाई पर उठाया था सवाल

मनीष जायसवाल ने सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए बताया कि हजारीबाग जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित बहोरनपुर खुदाई स्थल से भारतीय पुरातत्व विभाग को कई मूर्तियां मिली हैं. इसमें भगवान बुद्ध और मां तारा की कई प्रतिमाएं शामिल हैं. भाजपा के ही अमर कुमार बाउरी ने बताया था कि बहोरनपुर में खुदाई और अन्वेषण का काम पटना स्थित भारतीय पुरात्व विभाग की टीम कर रही है और खुदाई के बाद उन सारी चीजों को पटना ले जाने की तैयारी की जा रही है, इस पर रोक लगायी जानी चाहिए.

मामले पर राज्य के कृषि मंत्री बादल ने इस संबंध में आसन को जानकारी दी थी कि राज्य मंत्रिमंडल की पिछली बैठक में इस मसले पर चर्चा हुई थी. मुख्यमंत्री ने राज्य के मुख्य सचिव को इस संबंध में स्पष्ट आदेश दिया है कि वहां खुदाई में मिली मूर्तियों को बिहार नहीं भेजा जाए और उसे यहीं पर संरक्षित रखा जाए. इसके अलावा राज्य सरकार चतरा जिले के ईटखोरी और हजारीबाग को बौद्ध सर्किट से जोड़ कर पर्यटकों को आकर्षित करने की योजना बना रही है.

Related Articles

Back to top button