
Ranchi : राज्य के विस्थापितों के हितों की बात करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहा कि इनकी समस्याओं को लेकर पार्टी गंभीर है. पार्टी चाहती है कि पिछले 150 वर्षों में योजनाओं एवं परियोजनाओं के क्रियान्वयन में जो भी लोग विस्थापित हुए हैं, उनके साथ न्याय हो. पार्टी मुख्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो कांग्रेस पार्टी उनके हितों पर प्रमुखता से काम करेगी. इस दौरान बोकारो जिला में विस्थापितों के लिए आंदोलनरत नेता रघुनाथ महतो, शंकर महतो, राजेश मिश्रा, नुनू बाबू राय सहित गंगाधर महतो ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. सदस्यता ग्रहण करनेवालों में मुख्य रूप से हारू राम महतो, रवि कुमार, रूपरंग कुमार, अनिल कुमार, अभिषेक कुमार, बाबू कुमार, गोपाल कुमार, लखन महतो सहित सैकड़ों लोग शामिल हैं.
विस्थापितों के हितों पर गंभीर नहीं है रघुवर सरकार
समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहा कि विस्थापितों की समस्याओं और हितों को लेकर राज्य की रघुवर सरकार थोड़ी भी गंभीर नहीं दिखती है. यही कारण है कि अब इनके हितों के लिए आंदोलनरत नेता कांग्रेस पार्टी पर अपना विश्वास जता रहे हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को चाहिए कि विस्थापितों के लिए वह तत्काल ही एक आयोग का गठन करे. आयोग का काम विस्थापितों की समस्याओं का अध्ययन कर इनके हितों के लिए कार्य करना होगा, ताकि इन विस्थापितों को न्याय मिल सके. डॉ अजय ने कहा कि अगर जनता का आशीर्वाद हमारे साथ होगा और हम सत्ता में आयेंगे, तो विस्थापितों के हितों पर उचित निर्णय लेंगे.
कांग्रेस की नीतियों से सहमत होकर ली सदस्यता : रघुनाथ महतो
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करनेवाले रघुनाथ महतो ने कहा कि पूरी निष्ठा के साथ बदले हुए परिवेश में कांग्रेस की नीतियों एवं नेतृत्व से सहमत होकर उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है. इस दौरान उन्होंने अध्यक्ष डॉ अजय कुमार एवं जिलाध्यक्ष मंजूर अंसारी का भी आभार व्यक्त किया. कहा कि शामिल होनेवाले तमाम कार्यकर्ताओं का यही लक्ष्य है कि आनेवाले लोकसभा चुनाव एवं विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करें और झूठ की सरकार को बाहर का रास्ता दिखायें.
इसे भी पढ़ें-निराले अंदाज में JPSC का विरोध, गाया राष्ट्रगान, लगाये भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे, देखें…




