
Rajkot: भारत ने राजकोट में खेले गए तीसरे ट्वेंटी-20 मैच में श्रीलंका को 91 रन से हराकर सिरीज़ पर कब्ज़ा कर लिया है. सूर्यकुमार यादव के नाबाद शतक के दम पर भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पांच विकेट पर 228 रन बनाए थे. जवाब में श्रीलंका की टीम 17वें ओवर में 137 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.
इसे भी पढ़ें: रामगढ़: रजरप्पा के यूनियन नेता रमेश विश्वकर्मा की गोली मारकर हत्या
इससे पहले सूर्य कुमार यादव की बेजोड़ पारी से भारत ने श्रीलंका को 229 रनों का लक्ष्य दिया था. सूर्यकुमार यादव ने 51 गेंदों में नाबाद 112 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और नौ छक्के लगाए. ये ट्वेंटी-20 क्रिकेट में उनका तीसरा शतक है. भारत के लिए शुभमन गिल ने 46 और राहुल त्रिपाठी ने 35 रन बनाए. बाद में श्रीलंका की पारी के दौरान भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. पिछले मैच में महंगे साबित हुए अर्शदीप सिंह ने सिर्फ़ 20 रन देकर तीन विकेट लिए. जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या, उमरान मलिक और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट लिए. निर्णायक मुकाबला जीत कर भारत ने तीन मैचों की सिरीज़ पर 2-1 से कब्ज़ा किया. भारत ने पहला मैच भी जीता था जबकि श्रीलंका ने दूसरे मैच में जीत हासिल की थी. अब 10 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सिरीज़ खेली जाएगी.




