
Dhanbad : धनबाद की ट्रांसपोर्ट कंपनियां और कोलियरी के हाइवा खुलेआम मुख्य सड़कों पर कानून का माखौल उड़ाते नजर आ रहे हैं. शहर की मुख्य सड़कों पर कोयला लोड करके हाइवा चल रहे हैं. वहीं ओवरलोड होने की वजह से सड़कों पर हाइवा से एक तो कोयला के टुकड़े गिर रहे हैं और दूसरा डस्ट भी उड़ रहे हैं. जिससे प्रदूषण बढ़ रहा है. इसके लिए बीसीसीएल की ओर से कोई नियम नहीं बनाये गये हैं. इसके अलावा हाइवा चलाने वाले ड्राइवर अनट्रेंड भी हैं, जिससे आये दिन सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं.
दरअसल झरिया के वस्ताकोला से बीसीसीएल के राजापुर परियोजना की बीएनआर साइडिंग के लिए हाइवा से 24 घंटे कोयले की ढुलाई की जाती है. जिससे हर दिन सैकड़ों हाइवा राजापुर परियोजना से वस्ताकोला कतरास मोड़, शिमला बहाल होते हुए बीएनआर रेलवे साइडिंग जाती है. इस दौरान हाइवा पर कोयला ओवरलोड रहता है और वो किसी तिरपाल से ढका भी नहीं रहता है.
इसे भी पढ़ें – सिर्फ गिनाती रहीं लुईस मरांडी उपलब्धियां, मगर हज कमेटी पुनर्गठन के सवाल पर साधी चुप्पी
कोयले के डस्ट से बढ़ रहा है प्रदूषण
वहीं ढुलाई के वक्त हाइवा में कोयले के बड़े-बड़े चट्टान भी रहते हैं और मुख्य सडक पर इसके गिरने की पूरी संभावना भी रहती है. जिसकी चपेट में आने से लोगों को जान का खतरा भी हो सकता है. वहीं मुख्य सड़कों पर कोयले के छोटे टुकड़े और डस्ट भी उड़ते रहते हैं. जिससे इलाके में प्रदूषण बढ़ जाता है.
गौरतलब है कि राजापुर परियोजना से बीएनआर साइडिंग के लिए कोयले की ट्रांसपोर्टिंग एनटीपीसी कंपनी करती है. वहीं कंपनी का हाइवा चलाने वाले ज्यादातर ड्राइवर अनट्रेंड और नाबालिक रहते हैं. साथ ही उनके पास लाइसेंस भी नहीं होता है. कंपनी सबकुछ जानते हुए भी इसकी अनदेखी कर रही है. वहीं बीसीसीएल भी इसपर ध्यान नहीं देता. जबकि उत्पादन के दौरान सुरक्षा से लेकर ट्रांसपोर्ट की पूरी जिम्मेवारी बीसीसीएल की ही रहती है.
शिकायत के बाद भी कंपनी ने नहीं की कार्रवाई
जिस तरह से खुलेआम हाइवा नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं. उसे लेकर कई बार स्थानीय लोगों के अलावा राजनीतिक दलों ने एनटीपीसी कंपनी और बीसीसीएल के खिलाफ आंदोलन किया है और परिचालन भी रोका गया था. उस दौरान ट्रांसपोर्टिंग कंपनी और बीसीसीएल की ओर से नियमों का पालन करने की बात तो की गयी, लेकिन हुआ कुछ नहीं.
जिससे गुस्साये स्थानीय लोगों ने फिर से बीसीसीएल प्रबंधन से इसकी शिकायत की. लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों ने मौके पर ही कई हाइवा को रोक दिया. इसके बाद लोगों ने बीसीसीएल के परियोजना पदाधिकारी को मौके पर बुलाया और हकीकत से रूबरू करवाया. अधिकारी ने भी देखा कि ना तो हाईवा में तिरपाल लगा था और साथ ही खलासी उसके ड्राइवर हैं. इसे देखकर अधिकारी भड़क गये. उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है और जल्दी ही इसपर कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें – सीएम ने गलत जानकारी पर सुपरिटेंडेंट इंजीनियर को किया था निलंबित, अब निलंबन वापस लेने का निर्देश




