National

इमरान ने फिर अलापा शांति का राग, पीएम मोदी से अपीलः एक मौका दीजिए

New Delhi: पुलवामा आतंकी हमले के बाद से भारत के सख्त रवैये को देखते हुए पाकिस्तान ने फिर से शांति का राग अलापना शुरू कर दिया है. रविवार को पाकिस्तानी पीएम ने एकबार फिर शांति लाने के लिए एक मौका देने की अपील की. इमरान खान ने पीएम मोदी की बात का जवाब देते हुए कहा कि मैं अपनी जुबान पर कायम रहूंगा. अगर भारत पुलवामा हमले को लेकर कोई सबूत देता है, तो हम तुरंत कार्रवाई करेंगे.

उल्लेखनीय है कि इमरान खान का बयान उस वक्त आया है, जब पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया में आम सहमति है. आतंकवाद के दोषियों को दंडित करने के लिये हम मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं. यह बदला हुआ भारत है, अब इस दर्द को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हम जानते हैं आतंकवाद को कैसे कुचलना है.

क्या कहा था PM मोदी ने

पाकिस्तानी पीएम इमरान खान से हुई बात का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा था, ‘मैने उनसे (इमरान) कहा था कि आईये गरीबी और अशिक्षा के खिलाफ लड़ाई लड़ें. इस पर उन्होंने (इमरान खान ने) मुझसे कहा था कि मोदीजी मैं पठान का बच्चा हूं, सच बोलता हूं, सच्चा करता हूं. आज उनके शब्दों को कसौटी पर तौलने का वक़्त है.’

गौरतलब है कि पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान ने एकबार फिर से वहीं राग अलापा था कि भारत अगर हमले के सबूत देगा तो हम कार्रवाई करेंगे. हालांकि, भारत ने इसे पाकिस्तान का आतंक के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का बहाना बताया था. ज्ञात हो कि 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आत्मघाती हमले में देश के 40 जवान शहीद हो गये थे. और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने इसकी जिम्मेवारी ली थी.

Related Articles

Back to top button