Uncategorized

धौनी चुने गए आईसीसी की एकदिवसीय टीम के कप्तान

मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अपनी इस वर्ष के लिए घोषित एकदिवसीय टीम का कप्तान चुना। आईसीसी की इस एकदिवसीय टीम में धौनी के अलावा शिखर धवन और रविंद्र जडेजा को भी शामिल किया गया है।

आईसीसी की 12 सदस्यीय एकदिवसीय टीम में सात देशों के खिलाड़ियों को स्थान दिया गया है, तथा धौनी एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें लगातार छठी बार आईसीसी की एकदिवसीय टीम में शामिल किया गया है।

आईसीसी ने सात अगस्त, 2012 से 25 अगस्त, 2013 के बीच खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें अपनी एकदिवसीय टीम के लिए चयन किया है।

इस टीम का चयन आईसीसी द्वारा गठित विशेष चयन समिति ने किया जिसकी अध्यक्षता आईसीसी की क्रिकेट समिति के अध्यक्ष और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने की।

समिति के अन्य सदस्यों में पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज एवं कप्तान वकार युनूस, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलेक स्टूअर्ट, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज ग्रीम पोलॉक तथा न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान कैथरीन कैंपबेल शामिल थीं।

आईसीसी एकदिवसीय टीम :

महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), तिलकरत्ने दिलशान, शिखर धवन, हासिम अमला, कुमार संगकारा, अब्राहम डिविलियर्स, रविंद्र जडेजा, सईद अजमल, मिशेल स्टार्क, लासिथ मलिंगा और मिशेल मैक्लेनहन। (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button