
Petrol-Diesel: पेट्रोल-डीजल की कीमत को लेकर चर्चाओं का बाजार अक्सर गर्म रहता है. तेल की आसमान छूती कीमत लोगों के घर का बजट बिगाड़ देती है. पेट्रोल-डीजल की कीमत से आम लोगों पर महंगाई का दबाव बढ़ जाता है, लेकिन हो सकता है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी गिरावट का तोहफा मिल जाए. दरअसल केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल को GST के दायरे में लाने पर विचार कर रही है. अगर बात बन जाती है और पेट्रोल-डीजल जीएसटी के दायरे में आ जाते हैं तो तेल की कीमत में 20 रुपए लीटर तक की बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है. अगर ऐसा हो जाता है तो दिल्ली में 94.72 रुपये लीटर बिकने वाला पेट्रोल 75 रुपये लीटर पर पहुंच सकता है.
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले जीएसटी काउंसिल की बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेट्रोल-डीजल को GST के दायरे में लाने पर बड़ी बात कही. वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल को GST के दायरे में लाने के लिए तैयार है और अब राज्यों को इस बारे में फैसला करना है. अगर सरकार के बीच सहमति बन जाती है और पेट्रोल-डीजल जीएसटी के दायरे में आ जाता है तो इसकी कीमत में सीधे 20 रुपये तक की गिरावट हो सकती है.
पेट्रोल और डीजल की कीमत पर केंद्र सरकार की ओर से एक्साइज ड्यूटी (Excise Duty) लगाई जाती है. जबकि राज्य सरकार इसपर वैट वसूलती है. इसके अलावा तेल के बेस प्राइस पर ट्रांसपोर्टेशन लागत और डीलर कमीशन लगता है. पेट्रोल की बेस कीमत 55.46 रुपये प्रति लीटर पर 0.22 रुपये प्रति लीटर, भाड़ा, 19.90 रुपये प्रति लीटर, एक्साइज ड्यूटी, 3.77 रुपये प्रति लीटर, डीलर कमीशन, 15.39 प्रति लीटर ( दिल्ली के हिसाब से) वैट मिलाने के बाद कीमत 94.72 रुपये पर पहुंच जाता है. इसी तरह से डीजल के बेस प्राइस 56.20 रुपये प्रति लीटर, भाड़ा 0.22 रुपये प्रति लीटर, एक्साइज ड्यूटी 15.80 रुपये प्रति लीटर, डीलर कमीशन 12.82 रुपये प्रति लीटर के साथ 87.62 रुपये पर पहुंच जाता है. राज्यों के हिसाब से पेट्रोल-डीजल पर टैक्स अलग-अलग होते हैं. इस तरह से 55.46 रुपये का पेट्रोल आप तक 94.72 रुपये प्रति लीटर पर पहुंचता है.
अगर पेट्रोल-डीजल को GST के 28% स्लैब में रखा जाए तो भी आपको काफी सस्ता तेल मिलेगा. कैलकुलेशन देखें को बेस प्राइस और भाड़ा मिलाकर 55.66 रुपये प्रति लीटर पर 28 फीसदी जीएसटी, 3.77 रुपये डीलर कमीशन जोड़ने के बाद भी यह 75.01 रुपये प्रति लीटर पर पहुंचता है. यानी मौजूदा कीमत से आपको पेट्रोल-डीजल करीब 20 रुपये तक सस्ता मिलेगा. यहां बता दें कि ये जीएसटी का सबसे अधिकतम स्लैब 28 फीसदी है. अगर सरकार पेट्रोल-डीजल को सबसे अधिकतम जीएसटी स्लैब में रखती है तो भी आपको फायदा होगा. सिर्फ इतना ही नहीं अगर पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने की सहमति बन जाती है तो देशभर में पेट्रोल-डीजल की एक समान कीमत रहेगी. हालांकि जीएसटी के दायरे में आने से सरकार की टैक्स से होने वाली कमाई घट सकती है.




