Uncategorized

हनुमान की तरह काम करें भाजपा सांसद : मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों को संबोधित करने के दौरान बजट सत्र के सफल होने पर संतोष जाहिर किया और इसे ‘बहुत सार्थक और उपयोगी’ बताते हुए सांसदों को सलाह दी कि वे सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करने के लिए भगवान हनुमान की तरह काम करें। यहां भाजपा सांसदों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि लोगों के बीच काम करने के लिए वे उनके निर्देश की प्रतीक्षा न करें।

बैठक में शामिल भाजपा के एक सांसद के मुताबिक मोदी ने कहा, “जब लक्ष्मण कोमा में गए, तो हनुमान जी बिना किसी की आज्ञा के इलाज ढूंढ़ने निकल पड़े। उसी तरह, सांसदों को किसी निर्देश का इंतजार किए बिना निकल पड़ना चाहिए। उन्हें सरकार के कार्यो को लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है।”

हनुमान जयंती के मौके पर लोगों तथा सांसदों को बधाई देने के बाद मोदी की यह टिप्पणी सामने आई है।

मोदी ने सांसदों से अपील की कि वे हनुमान से प्रेरणा लें।

उन्होंने कहा, “हनुमान से प्रेरणा लें। उन्होंने किसी से कुछ नहीं लिया, लेकिन दिया सबको। आपको उन्हीं की तरह लोगों को देने की जरूरत है।”

सांसदों को अपने निर्वाचन क्षेत्र में जाने को कहते हुए मोदी ने कहा कि उन्हें उनका (मोदी) सहारा लेने के बावजूद अपनी भी पहचान बनाने की जरूरत है।

बाद में संवाददाताओं से बातचीत में संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बजट सत्र को सरकार के लिए ‘विजय प्राप्ति सत्र’ करार दिया।

उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा, “बजट सत्र बहुत सार्थक और उपयोगी रहा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली जीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह ‘विजय प्राप्ति सत्र’ रहा।”

भाजपा के सूत्रों ने कहा कि मोदी ने यह भी कहा कि उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रचंड जीत से लोगों के सकारात्मक रुख का पता चलता है।

मोदी ने कहा, “गरीबों व वंचितों के जीवन-स्तर को ऊपर उठाने का हमारे लिए यह सुनहरा अवसर है। यह वक्त अधिक से अधिक विकास व सुधार करने का है।”

उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (जीसएटी) सहित लोकसभा में 21 विधेयक और राज्यसभा में 14 विधेयक पारित होने पर सांसदों को बधाई भी दी।

कुमार ने कहा, “प्रधानमंत्री ने सांसदों को बताया कि देश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और भाजपा के पक्ष में माहौल है। यह विकास के रास्ते पर चलने का एक सुनहरा अवसर है।”

सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने भी सांसदों को संबोधित किया और देश को परिवर्तनकारी नेतृत्व प्रदान करने के लिए मोदी की प्रशंसा की।

नायडू ने कहा कि मात्र तीन वर्षो में मोदी गरीबों के मसीहा बनकर उभरे हैं। उन्होंने सांसदों को मोदी सरकार की तीसरी वर्षगांठ मनाने का काम भी सौंपा।

बजट सत्र के दौरान भाजपा संसदीय दल की यह आखिरी बैठक थी। सत्र का समापन बुधवार को हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button