रांचीः पुलिसवालों के हथियार चोरी मामले में झारखंड के आबकारी मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल के खिलाफ कार्रवाई के लिए दबाव बढ़ने लगा है। झाविमो सुप्रीमो बाबुलाल मरांडी व अन्य विपक्षी नेताओं के अलावा झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने भी अब उच्चस्तरीय जांच की मांग कर दी है।
पुलिस एसोसिएशन का कहना है कि उसके सिपाही सदस्य को जब इस मामले में जेल भेज दिया गया तो ऊपर बैठे अभियुक्तों को किस आधार पर नजरंदाज किया जा रहा है। एसोसिएशन ने खास इशारा करते हुए यहां तक कहा कि सुरक्षा बल के हथियार चोरी करवा कर किसे सप्लाई किया जानेवाला था यह अहम् जांच का बिंदु है। बताते चलें कि चंद रोज पहले मंत्री पटेल के सुरक्षा में तैनात सिपाहियों के दो एके47 रायफल, एक नौ एमएम पिस्तौल और जिंदा कारतूसों की चोरी हो गई। एके47 तो झाड़ियों से बरामद हो गए, पिस्तौल आदि अभी भी गायब हैं। इस मामले में एक सुरक्षाकर्मी सिपाही को आरोपी बनाकर जेल भेजा गया है। चर्चा है कि ये चोरी के हथियार नक्सलियों तक पहुंचाये जाने वाले थे। इस पूरे मामले का गहरा रिश्ता मंत्री से बताया जा रहा है।
इधर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार तत्काल मंत्री को बर्खास्त करे और हिरासत में लेकर उच्चस्तरीय जांच करायी जाए। घटना के बाद पुलिस वालों ने मंत्री से पूछताछ की थी। मरांडी कहते हैं कि एक मंत्री से भला मातहत पुलिसवाले कैसी पूछताछ करेंगे और उससे कुछ नतीजा निकलनेवाला नहीं है। मंत्री का पद पर बने रहते हुए किसी तरह की जांच का कोई ठोस नतीजा नहीं निकलनेवाला।




