
राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ ने विभागीय सचिव से किया आग्रह
गांवों में मनरेगा की डिमांड बढ़ रही है, औसतन 6 लाख श्रमिक हर दिन काम कर रहे हैं मनरेगा में काम
Ranchi: कोरोना काल में गांवों में मनरेगा की डिमांड बढ़ी है. पिछले एक महीने में ही 2-3 लाख श्रमिकों की तुलना में औसतन 6 लाख श्रमिक अभी मनरेगा में हर दिन काम कर रहे. हालांकि श्रमिकों को भुगतान की समस्या का भी सामना पिछले तीन महीने से करना पड़ रहा है. इधर, मनरेगा कर्मियों ने सरकार से गुहार लगायी है कि उन्हें गैर मनरेगा कार्यों या कोविड ड्यूटी से मुक्त किया जाये. इसके लिए झारखण्ड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ ने ग्रामीण विकास विभाग की सचिव को लेकर लिखकर आग्रह भी किया है. सीएम, राज्यपाल को भी इसकी प्रतिलिपि दी गयी है.
मनरेगा कर्मियों से मनमाना काम
झारखण्ड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश सोरेन के मुताबिक मनरेगा कर्मी अल्प मानदेय भोगी कर्मी होते हैं. उन्हें मनरेगा के मूल काम के अलावा भी पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर से कई कार्यो में लगा दिया जाता है. इससे मनरेगा के असल कार्य प्रभावित होते हैं. इसके अलावा बड़ा मसला यह है कि मनरेगा कर्मियों को किसी तरह का बीमा, भविष्य सुरक्षा औऱ अनुकम्पा संबंधी कोई रियायत या सुविधा है. फिर भी इस संक्रमण काल में covid-19 ड्यूटी में सेवा ली जा रही है. चेक पोस्ट, टीकाकरण केंद्र, कोरेन्टीन सेंटर सहित संक्रमण के खतरों वाले स्थलों पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है. जबकि ऐसे कार्य के लिए विभिन्न विभागों में वेतन, बीमा, अनुकम्पा और भविष्य सुरक्षा से युक्त स्थायी कर्मियों के रहते हुये भी मनरेगा कर्मियों को कार्यों में लगाया जा रहा है. यह किसी भी तरह से उचित नहीं है.
6 से अधिक कर्मियों ने गवांयी है जान
उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी में कई मनरेगा कर्मियों की असमायिक मृत्यु हो चुकी है. अब तक 6 कर्मियों के मृत्यु की सूचना है. पर सरकार की ओर से उनके परिजनों को एक फूटी कौड़ी भी नहीं मिला है. सरकार के आदेश (पत्रांक 426/रांची, दिनांक 5/5/2020) के बावजूद मनरेगा कर्मियों की ड्यूटी कोविड काल में लिया जाना उसके आदेश की अवहेलना है. ऐसे में मनरेगाकर्मियों की मनरेगा से इतर अन्य कार्यों में प्रतिनियुक्ति पर रोक लगायी जाये. मृत कर्मियों के आश्रितों को 50 लाख बीमा, हित लाभ और अनुकंपा की नौकरी का लाभ मिले. इससे मनरेगा कर्मी भी गांवों में मनरेगा के लक्ष्य को प्राप्त करने में शत प्रतिशत योगदान दे सकेंगे.
इसे भी पढ़ें: कोरोना से उबरने के बाद कांग्रेसी नेता राजीव सातव का निधन




